ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत RPF और GRP की संयुक्त कार्रवाई, 81 हजार रुपये मूल्य की चेन बरामद
रेलवे में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर अभियान जारी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : रेलवे सुरक्षा बल (RPF) द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ अभियान के तहत RPF और सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में स्टील एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान एक महिला के पर्स से सोने की चेन चोरी करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपी के पास से चोरी की गई सोने की चेन भी बरामद कर ली गई है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और रेलवे परिसरों में अपराध पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से की गई।
इसे भी पढ़ें : Chaibasa : कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने पर हुई चर्चा, मंत्री दीपक बिरुवा से मिले सोनाराम सिंकु
शिकायत के बाद सीसीटीवी फुटेज से हुई आरोपी की पहचान
मामले के अनुसार, 24 अगस्त 2026 को गम्हरिया निवासी सुनीता वर्मा स्टील एक्सप्रेस में यात्रा कर रही थीं। इसी दौरान उनके लेडिस पर्स से सोने की चेन चोरी हो गई। घटना के बाद पीड़िता ने 28 अगस्त को रेल थाना टाटानगर में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत प्राप्त होने के बाद मंडल सुरक्षा आयुक्त, RPF चक्रधरपुर मंडल तथा रेल पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर के निर्देश पर RPF टाटा और GRP टाटा की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। टीम ने टाटानगर रेलवे स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियां सामने आईं। इसके आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश शुरू की गई।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : प्रधानाचार्य सुजल कुमार भोल के निधन से शोक में डूबा मानुषमुड़िया, विद्यालय में तीन दिवसीय अवकाश घोषित
बरामद चेन की कीमत करीब 81 हजार रुपये, आरोपी रेल थाना के सुपुर्द
जांच के दौरान संयुक्त टीम ने संदिग्ध युवक को टाटानगर स्टेशन परिसर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी की गई सोने की चेन बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान भगवान चौधरी (24 वर्ष), निवासी कोटशीला के रूप में हुई है। बरामद चेन का वजन 4.830 ग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 81 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना टाटानगर के सुपुर्द कर दिया गया है। यह पूरी कार्रवाई RPF/ASI बलबीर प्रसाद के नेतृत्व में RPF टाटा और GRP टाटा की संयुक्त टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दी।


























