लोकसभा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने किया सम्मानित
जनता की आवाज संसद तक पहुंचाना ही प्राथमिकता : सांसद विद्युत वरण महतो
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद विद्युत वरण महतो को लोकसभा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए वर्ष 2026 का संसद रत्न पुरस्कार प्रदान किया गया। नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर के भीम सभागार में आयोजित समारोह में उन्हें यह सम्मान मुख्य अतिथि केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी के हाथों प्रदान किया गया। कार्यक्रम में सम्मानित अतिथि के रूप में केंद्रीय शिक्षा एवं विकास मंत्री, उत्तर पूर्व क्षेत्र के मंत्री सुकांत मजूमदार उपस्थित रहे। वहीं मुख्य वक्ता के रूप में सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश बी.आर. गवई ने संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व अध्यक्ष हंसराज अहीर ने की।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा-चाकुलिया मुख्य सड़क एक साल में ही हुई बदहाल, निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल
लोकसभा में बेहतर प्रदर्शन के लिए सांसद विद्युत महतो को मिला सम्मान

प्राइम प्वाइंट फाउंडेशन के तत्वावधान में संसद रत्न अवार्ड कमेटी द्वारा वर्ष 2026 के लिए कुल 10 लोकसभा सदस्यों, दो राज्यसभा सांसदों और चार संसदीय समितियों को संसद रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सांसदों का चयन बजट सत्र के अंत तक लोकसभा में उनके प्रदर्शन के आधार पर किया गया। सम्मान पाने वाले अन्य सांसदों में जगदंबिका पाल, पीपी चौधरी, निशिकांत दुबे, डॉ. एकनाथ शिंदे, प्रवीण पटेल, लुंबा राम चौधरी, हेमंत विष्णु स्वरा, स्मिता उदय वाघ, नरेश गणपत म्हास्के, मेधा विश्राम कुलकर्णी और नरहरि अमीन शामिल रहे।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : एनआईटी जमशेदपुर में राष्ट्रीय महिला नेतृत्व सम्मेलन-2026 का आयोजन, शिक्षा, संस्कार और नेतृत्व पर हुआ मंथन
संसद रत्न अवार्ड में कई सांसदों और संसदीय समितियों का हुआ सम्मान
संसदीय समितियों की श्रेणी में कृषि संबंधी संसदीय स्थायी समिति के अध्यक्ष डॉ. चरणजीत सिंह चन्नी, वित्त संबंधी समिति के अध्यक्ष भर्तृहरि महताब, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज समिति के अध्यक्ष सप्तगिरि शंकर उलाका तथा कोयला एवं खान संसदीय समिति के अध्यक्ष अनुराग ठाकुर को सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि संसद रत्न अवार्ड समिति का गठन पूर्व राष्ट्रपति एवं भारत रत्न डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के सुझाव पर किया गया था। सांसदों की कार्यक्षमता और सदन में उनके प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए यह पुरस्कार प्रदान किया जाता है। सांसद विद्युत वरण महतो को यह सम्मान लगातार पांचवीं बार प्राप्त हुआ है, जो उनके संसदीय प्रदर्शन को लेकर महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : विश्व शांति के लिए 21 सितंबर को मऊभंडार में बनेगी मानव श्रृंखला
लगातार पांचवीं बार संसद रत्न मिलने पर विद्युत महतो की बड़ी उपलब्धि
लगातार पांचवीं बार संसद रत्न पुरस्कार मिलने पर सांसद विद्युत वरण महतो ने सम्मान को जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र की जनता को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि वे किसी पुरस्कार या सम्मान की अपेक्षा से सदन में मुद्दे नहीं उठाते हैं, बल्कि क्षेत्र से जुड़े छोटे-बड़े महत्वपूर्ण मामलों को संसद में रखने का लगातार प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि सवालों और विभिन्न संसदीय माध्यमों के जरिए सरकार का ध्यान जनसमस्याओं की ओर आकृष्ट करना और उनके समाधान के लिए पहल सुनिश्चित कराना उनका उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि लोकसभा में अपने क्षेत्र के साथ-साथ प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को भी यथासंभव उठाने का प्रयास करते हैं।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, मानसिक स्वास्थ्य पर दिया गया विशेष जोर
पुरस्कार जनता को समर्पित, जनसमस्याओं को संसद में उठाना लक्ष्य : विद्युत महतो
सांसद महतो ने कहा कि उनका एकमात्र लक्ष्य जन-जन की सेवा करना है। जनता ने जिस विश्वास और उम्मीद के साथ उन्हें लोकसभा में भेजा है, उस विश्वास पर खरा उतरते हुए सदन में उनकी आवाज को मजबूती से उठाना ही उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि संसद में जनता से जुड़े मुद्दों को प्रभावी तरीके से रखना और सरकार का ध्यान आकृष्ट कराना उनकी जिम्मेदारी है। लगातार पांचवीं बार संसद रत्न पुरस्कार मिलने को उन्होंने व्यक्तिगत उपलब्धि के बजाय जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र की जनता के विश्वास और समर्थन का सम्मान बताया।


























