राजकीय मध्य विद्यालय में कानूनी जागरूकता शिविर, बच्चों को बाल विवाह, पॉक्सो और मौलिक अधिकारों की दी जानकारी
बाल सुरक्षा से लेकर पेंशन योजना तक, बच्चों को दी गई कानूनी और सामाजिक योजनाओं की जानकारी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), जमशेदपुर के अध्यक्ष सह प्रधान जिला जज अरविंद कुमार पांडेय के निर्देश और डालसा सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी के मार्गदर्शन में बुधवार को मोबाइल वैन बोड़ाम प्रखंड के माधवपुर गांव पहुंचा। यहां राजकीय मध्य विद्यालय में कानूनी जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। डालसा टीम में लीगल एड डिफेंस कौंसिल की सदस्य रंजना पांडेय तथा पीएलवी नागेन्द्र कुमार, दिलीप जायसवाल, राजेश राव, निताई चंद्र गोराई, गीता रानी दास और मिथिलेश तिवारी शामिल रहे। शिविर के दौरान स्कूली बच्चों को विभिन्न कानूनी प्रावधानों और उनके अधिकारों की जानकारी देकर कानून के प्रति जागरूक किया गया।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : एसआईआर ड्यूटी के दौरान शिक्षक की मौत से हड़कंप, शिक्षकों में आक्रोश
बोड़ाम में बच्चों को मिला कानूनी ज्ञान, डालसा टीम ने बताए अधिकार और सुरक्षा के उपाय
शिविर में बच्चों को डालसा के कार्य एवं उद्देश्य के साथ बाल विवाह, बाल श्रम, पॉक्सो एक्ट, चाइल्ड ट्रैफिकिंग, चाइल्ड प्रोटेक्शन, शिशु प्रोजेक्ट, डायन प्रथा और नशा उन्मूलन से जुड़े प्रावधानों की जानकारी दी गई। इसके अलावा नागरिकों के मौलिक अधिकार एवं कर्तव्य, पेंशन योजना, प्राकृतिक आपदा और दुर्घटना बीमा जैसी योजनाओं के बारे में भी बताया गया। डालसा टीम ने कहा कि किसी भी कानूनी समस्या या सहायता की जरूरत होने पर स्थानीय लीगल एड क्लीनिक अथवा सिविल कोर्ट स्थित डालसा कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है। जागरूकता शिविर में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के साथ विद्यालय के शिक्षक भी उपस्थित रहे।


























