केंद्र पर राज्यों के अधिकारों में हस्तक्षेप का आरोप
मनोहरपुर में एकदिवसीय धरना, राष्ट्रपति के नाम बीडीओ को सौंपा ज्ञापन
खान-खनिज विधेयक को लेकर आंदोलन तेज करने की चेतावनी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मनोहरपुर : मनोहरपुर प्रखंड मुख्यालय के समक्ष शनिवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) द्वारा खान एवं खनिज संशोधन विधेयक-2026 के विरोध में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत आयोजित इस आंदोलन में पार्टी के प्रखंड प्रभारी दीपक प्रधान, प्रखंड अध्यक्ष रंजित यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। धरना स्थल पर पहुंचने से पहले कार्यकर्ता प्रखंड परिसर में एकत्र हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। आंदोलन के दौरान विधेयक को वापस लेने की मांग उठाई गई। कार्यक्रम के समापन पर राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को सौंपा गया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : डालसा ने बेलाजुड़ी पंचायत के गांवों में चलाया विधिक जागरूकता अभियान
झामुमो कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा

धरना सभा को संबोधित करते हुए दीपक प्रधान और रंजित यादव ने कहा कि खान एवं खनिज संशोधन विधेयक राज्यों के संवैधानिक अधिकारों और संघीय व्यवस्था को प्रभावित करने वाला कदम है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार राज्यों के अधिकारों में हस्तक्षेप करने का प्रयास कर रही है। दीपक प्रधान ने कहा कि जल, जंगल और जमीन झारखंड की पहचान हैं तथा इन पर यहां के लोगों का पहला अधिकार है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि राज्य के संसाधनों और अधिकारों पर आंच आई तो झामुमो लोकतांत्रिक आंदोलन को और व्यापक रूप देगा। नेताओं ने कहा कि झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है और यहां के प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के लिए पार्टी हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : साप्ताहिक जनता दरबार में उपायुक्त ने सुनीं आम लोगों की समस्याएं
जल, जंगल और जमीन की रक्षा को लेकर झामुमो का संघर्ष तेज
झामुमो नेताओं ने दावा किया कि प्रस्तावित विधेयक लागू होने से राज्य के गरीब और जरूरतमंद परिवारों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने आशंका जताई कि इससे राज्य सरकार की कई जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे मंइयां सम्मान योजना, अबुआ आवास योजना, सर्वजन पेंशन योजना तथा 200 यूनिट मुफ्त बिजली योजना पर भी असर पड़ सकता है। नेताओं ने कहा कि यदि केंद्र सरकार विधेयक वापस नहीं लेती है तो पार्टी भविष्य में सड़क और रेल चक्का जाम जैसे बड़े आंदोलन का रास्ता अपना सकती है। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ झामुमो नेता किशोर कुमार खलखो ने किया। मौके पर लागुड़ा देवगाम, बामिया माझी, राजू सांडिल, पंकज महतो, अशोक बाँहदा, सरिता बाँहदा, दुबराज किंबो, रीना देवी समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।



























