एनएच-18 पर गड्ढे में पहिया जाने से बिगड़ा वाहन का संतुलन, घायलों का टाटा मोटर्स अस्पताल में इलाज
फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल में नहीं पहुंच सके विधायक
जेबी लाइव, रिपोर्टर
घाटशिला : घाटशिला विधायक सोमेश चंद्र सोरेन के काफिले में बुधवार शाम गालूडीह थाना क्षेत्र के घुटिया गांव स्थित बकरी होटल के पास एनएच-18 फोरलेन पर सड़क हादसा हो गया। विधायक के पीछे चल रहा सुरक्षाकर्मियों का वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में वाहन सवार चार सुरक्षाकर्मी घायल हो गए, जबकि विधायक सोमेश चंद्र सोरेन बाल-बाल बच गए। घायलों की पहचान रोहित कुमार वर्मा, सुराल हेंब्रम, पालू किस्कू और आशीष कुमार साव के रूप में हुई है। इनमें विधायक के पीए के भी घायल होने की जानकारी है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : वरिष्ठ प्रेस छायाकार पार्थो चक्रवर्ती के निधन से मीडिया जगत शोकाकुल
एनएच-18 पर वाहन पलटने से मची अफरा-तफरी
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को दूसरे वाहन से टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। बताया गया कि सभी घायलों की स्थिति खतरे से बाहर है। घटना की जानकारी मिलने के बाद विधायक सोमेश चंद्र सोरेन भी अस्पताल पहुंचे और घायलों के इलाज की स्थिति की जानकारी ली। हादसे के कारणों के संबंध में बताया जा रहा है कि घुटिया गांव के समीप एनएच-18 पर बने गड्ढे में सुरक्षाकर्मियों के वाहन का पहिया चला गया, जिससे चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और वाहन सड़क पर पलट गया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह की बेटी के निधन पर बन्ना गुप्ता ने जताया गहरा शोक
घायलों से मिलने अस्पताल पहुंचे विधायक सोमेश चंद्र सोरेन
बताया गया कि विधायक और पार्टी के अन्य नेता घाटशिला प्रखंड की काशीदा पंचायत के मालेडीह गांव में संथाल एसोसिएशन की ओर से आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल मैच में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हुआ। दुर्घटना के बाद विधायक समेत पार्टी के अन्य नेता कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य में मदद की। घटना ने एनएच-18 पर सड़क की स्थिति और गड्ढों को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। पुलिस द्वारा दुर्घटना की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है।


























