मृतक के मुआवजे, घायलों के इलाज और कार्यस्थल की सुरक्षा पर हुई विस्तृत चर्चा
श्रमिक सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर में टिनप्लेट टाटा स्टील परिसर में तीन दिन पूर्व हुई औद्योगिक दुर्घटना, जिसमें एक मजदूर की मौत हो गई थी और दो अन्य घायल हो गए थे, को लेकर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को कंपनी प्रबंधन से मिला। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के निर्देश पर प्रतिनिधिमंडल ने टिनप्लेट टाटा स्टील के प्रबंध निदेशक उज्ज्वल चक्रवर्ती से मुलाकात कर घटना पर चिंता व्यक्त की। प्रतिनिधिमंडल ने कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों, सुरक्षा व्यवस्था और दुर्घटना के कारणों को लेकर प्रबंधन से विस्तार से चर्चा की। साथ ही घायलों के बेहतर इलाज और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई। प्रबंधन ने बताया कि घायलों में से एक मजदूर का इलाज अभी जारी है और उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : सोनारी मैदान विवाद पर सरयू राय सक्रिय, स्थानीय लोगों को समाधान का भरोसा
मृतक के परिजनों को मुआवजा मिलने की दी गई जानकारी
बैठक के दौरान मृतक मजदूर के परिवार को दिए जाने वाले मुआवजे का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। कंपनी प्रबंधन की ओर से प्रतिनिधिमंडल को बताया गया कि मृतक के परिजनों को निर्धारित मुआवजा प्रदान किया जा चुका है। जदयू नेताओं ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा मानकों को और अधिक प्रभावी एवं सख्त बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि औद्योगिक इकाइयों में श्रमिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और सुरक्षा उपायों की नियमित समीक्षा आवश्यक है। प्रतिनिधिमंडल में पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, जिला उपाध्यक्ष दुर्गा राव, श्रमिक प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिनेश सिंह, गोलमुरी अध्यक्ष शमशाद खान तथा बर्मामाइंस मंडल अध्यक्ष बबलू कुमार शामिल थे।



























