मंत्री आवास पर बेटी का पार्थिव शरीर देख बेसुध हुईं दीपिका पांडेय सिंह
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत कई जनप्रतिनिधियों ने दी श्रद्धांजलि
दोमुहानी सड़क हादसे की परिस्थितियों की जांच में जुटी पुलिस
जेबी लाइव, रिपोर्टर
रांची : झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह का पार्थिव शरीर गुरुवार को अंतिम संस्कार के लिए रांची के धुर्वा स्थित सीठियो श्मशान घाट ले जाया गया। स्मार्ट सिटी स्थित मंत्री आवास से तृषा की अंतिम यात्रा निकली। भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में परिजन, शुभचिंतक, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी अंतिम विदाई देने पहुंचे। मंत्री आवास पर पार्थिव शरीर पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया। बेटी का शव देखते ही मंत्री दीपिका पांडेय सिंह भावुक होकर बेसुध हो गईं। वहां मौजूद महिलाओं ने उन्हें संभाला। परिजनों और शुभचिंतकों ने नम आंखों से तृषा के अंतिम दर्शन किए। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पार्थिव शरीर जमशेदपुर से रांची लाया गया था। महगामा और जमशेदपुर से भी परिवार के सदस्य अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे।
इसे भी पढ़ें : Chandil : कान्दरबेड़ा-दोमुहानी सड़क पर हादसा, बाइक सवार युवक घायल
बेटी को अंतिम विदाई देते समय भावुक हुईं मंत्री दीपिका पांडेय सिंह
तृषा सिंह के निधन की सूचना के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के आवास पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की। अंतिम यात्रा में मंत्री आनंद अंसारी, मंत्री योगेंद्र प्रसाद, वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर, विधायक अनूप सिंह और विधायक सुरेश बैठा समेत कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए। मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने भी तृषा सिंह को अंतिम विदाई दी। वहीं कैबिनेट सचिव वंदना दादेल और कृषि सचिव अबू बकर सिद्दीकी ने मंत्री आवास पहुंचकर परिवार से मुलाकात की और श्रद्धांजलि अर्पित की। बड़ी संख्या में राजनीतिक कार्यकर्ता, अधिकारी और शुभचिंतक भी अंतिम यात्रा में शामिल हुए और परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की।
इसे भी पढ़ें : Manoharpur : मनोहरपुर गणेश मेला पहुंचे डीसी मनीष कुमार, सपरिवार की गणपति आराधना
मुख्यमंत्री समेत कई जनप्रतिनिधियों ने मंत्री आवास पहुंचकर जताया शोक
तृषा सिंह समेत चार युवाओं की गुरुवार तड़के जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित दोमुहानी मरीन ड्राइव में हुए भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई थी। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी और उसमें सवार लोग वाहन के अंदर फंस गए थे। दुर्घटना के बाद राहत एवं बचाव दल ने गैस कटर की मदद से क्षतिग्रस्त कार को काटकर चारों शवों को बाहर निकाला। इसके बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई और तृषा सिंह का पार्थिव शरीर रांची लाया गया। स्मार्ट सिटी स्थित मंत्री आवास पर अंतिम दर्शन के लिए पार्थिव शरीर रखा गया, जहां परिजनों और शुभचिंतकों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद अंतिम यात्रा सीठियो श्मशान घाट के लिए रवाना हुई।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : इलाज के बाद स्वस्थ हुए सुराय टुडू, घाटशिला विधायक समेत झामुमो नेताओं ने जाना हाल
दोमुहानी हादसे में चार युवाओं की मौत, राहत दल ने गैस कटर से निकाले शव
इधर, दोमुहानी मरीन ड्राइव सड़क हादसे की पुलिस जांच जारी है। पुलिस दुर्घटना से जुड़े घटनाक्रम की जानकारी जुटाने के साथ हादसे के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसमें किन पहलुओं की भूमिका रही, इसकी जांच की जा रही है। तृषा सिंह के निधन से उनके परिवार, परिचितों और शुभचिंतकों के बीच शोक की लहर है। अंतिम यात्रा के दौरान भी लोगों की आंखें नम नजर आईं। परिजनों ने भारी मन से तृषा को अंतिम विदाई दी। हादसे में जान गंवाने वाले अन्य युवाओं के परिवारों में भी मातम पसरा हुआ है।