आदित्यपुर के देवाशीष कुंज से निकली शवयात्रा, पार्वती घाट पर हुआ अंतिम संस्कार
मेरिन ड्राइव हादसे में चार युवाओं की मौत से इलाके में शोक
जेबी लाइव, रिपोर्टर
आदित्यपुर : मेरिन ड्राइव में गुरुवार तड़के हुए दर्दनाक सड़क हादसे में जान गंवाने वाली आदित्यपुर के देवाशीष कुंज निवासी पंकज खंडेलवाल की पुत्री वंशिका खंडेलवाल का गुरुवार देर शाम पार्वती घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम विदाई के दौरान परिजन, रिश्तेदार और स्थानीय लोग भावुक नजर आए। इससे पहले शाम को वंशिका के आवास से शवयात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, परिचित और शुभचिंतक शामिल हुए। सभी ने नम आंखों से वंशिका को अंतिम विदाई दी। अचानक हुई दुर्घटना में बेटी को खोने के बाद परिवार गहरे सदमे में है। घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है।
इसे भी पढ़ें : Ranchi : नम आंखों से तृषा सिंह को अंतिम विदाई, सीठियो श्मशान घाट के लिए निकली अंतिम यात्रा
वंशिका की अंतिम यात्रा में उमड़ी भीड़, हर आंख हुई नम
वंशिका कॉर्मेल जूनियर कॉलेज में 12वीं कक्षा की छात्रा थी। उसके असमय निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वंशिका अपने पीछे माता-पिता, एक भाई और दो बहनों समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गई है। उसके निधन पर सामाजिक और शैक्षणिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भी गहरा दुख जताया तथा शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। गौरतलब है कि गुरुवार तड़के सोनारी के मेरिन ड्राइव में हुए भीषण सड़क हादसे में चार युवाओं की मौत हो गई थी। हादसे की खबर सामने आने के बाद जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। दुर्घटना में जान गंवाने वाले युवाओं के परिवारों में भी मातम पसरा हुआ है।

























