करीब चार हजार कर्मियों को मिलेगा बोनस, न्यूनतम ₹15 हजार और अधिकतम ₹60 हजार भुगतान का दावा
55 प्रतिशत बोनस समझौते के बाद हर साल जारी है भुगतान की परंपरा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जादूगोड़ा : लगातार घटते यूरेनियम उत्पादन के बीच यूसिल अपने करीब चार हजार कर्मचारियों को शुक्रवार को कुल 11 करोड़ 90 लाख रुपये बोनस की राशि बैंक खातों में भेजेगी। इस संबंध में यूसिल के एचआर हेड राकेश कुमार ने संबंधित नोटिस बोर्ड पर सूचना जारी की है। मजदूर नेता श्रीनिवास सिंह के अनुसार, इस बार कर्मचारियों को न्यूनतम 15 हजार रुपये और अधिकतम 60 हजार रुपये बोनस मिलेगा। बोनस राशि मिलने से दुर्गापूजा के दौरान जादूगोड़ा बाजार में भी रौनक बढ़ने की उम्मीद है। त्योहारी खरीदारी को लेकर बाजार में तैयारियां शुरू हो गई हैं और लंबे समय से सुस्त कारोबार को बोनस भुगतान से गति मिलने की संभावना जताई जा रही है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जिला कांग्रेस ने स्व. रूपी सोरेन को दी श्रद्धांजलि, दो मिनट का मौन रखकर की प्रार्थना
बोनस भुगतान से दुर्गापूजा पर जादूगोड़ा बाजार में बढ़ेगी खरीदारी
बताया गया कि वर्ष 2018 में घाटशिला से भाजपा के पूर्व प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन ने हड़ताली यूसिल मजदूरों के आंदोलन की अगुवाई करते हुए बेसिक वेतन के 55 प्रतिशत बोनस को लेकर समझौता कराया था। इसके बाद हड़ताल समाप्त हुई और मजदूर काम पर लौटे। यूनियन नेताओं के अनुसार, इसी समझौते के आधार पर यूसिल प्रबंधन प्रत्येक वर्ष कर्मचारियों को बेसिक का 55 प्रतिशत बोनस के तौर पर भुगतान करता है। इस बार बोनस भुगतान के फैसले का यूरेनियम कामगार यूनियन के नेता श्रीनिवास सिंह, यूसिल लेबर यूनियन के महामंत्री प्रेम कुमार सिंह, सिंहभूम यूरेनियम मजदूर यूनियन के महामंत्री रमेश माझी, भोगला मार्डी और सुभाष कर्मकार ने स्वागत किया है।























