जामशोला-डोमजुड़ी मार्ग पर आवागमन प्रभावित, सांसद विद्युत वरण महतो ने जल्द निर्माण का दिया भरोसा
सांसद ने पुलिया निर्माण के लिए विभागीय अधिकारियों को दिए निर्देश
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : प्रखंड अंतर्गत जामशोला-डोमजुड़ी मुख्य मार्ग से कोलारामा गांव को जोड़ने वाली एकमात्र पुलिया अचानक ध्वस्त हो गई। पुलिया टूटने से गांव का मुख्य सड़क से संपर्क पूरी तरह कट गया है और ग्रामीणों के सामने आवागमन का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद सांसद प्रतिनिधि कुमार गौरव पुष्टि ने भाजपा नेता अशोक मंडल और रंजीत कारेक के साथ प्रभावित स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और स्थिति का जायजा लिया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : दुर्गा पूजा से पहले अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई, 200 लीटर चुलाई शराब जब्त
पुलिया टूटने से ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी, आवागमन हुआ बाधित
निरीक्षण के दौरान सांसद प्रतिनिधि ने मौके से ही जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो को फोन कर पुलिया ध्वस्त होने और ग्रामीणों के सामने उत्पन्न आवागमन संकट की जानकारी दी। मामले पर सांसद ने तत्काल संज्ञान लेते हुए ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि यातायात व्यवस्था जल्द बहाल कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को पुलिया के नए सिरे से निर्माण के लिए तत्काल आवश्यक निर्देश जारी करने की बात कही। ग्रामीणों ने भी जल्द पुलिया निर्माण की मांग की, ताकि गांव का मुख्य मार्ग से संपर्क फिर से बहाल हो सके।























