सेल के मुख्य महाप्रबंधक चंद्रभूषण कुमार ने शॉल ओढ़ाकर किया सम्मानित
स्कूली बच्चों ने प्रभात फेरी निकालकर दिया एकता और गौरव का संदेश
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : भगवान बिरसा मुंडा की 152वीं जयंती एवं झारखंड राज्य के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को गुवा में श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सेल के मुख्य महाप्रबंधक चंद्रभूषण कुमार, पश्चिमी पंचायत की मुखिया पद्मिनी लागुरी, पूर्वी पंचायत की मुखिया चांदमनी लागुरी, पंचायत समिति सदस्य भादों टोप्पो, बोकारो स्टील वर्कर्स यूनियन (इंटक) के पदाधिकारियों, ग्रामीण मुंडा एवं स्थानीय ग्रामीणों ने सेल जनरल ऑफिस के समक्ष स्थापित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। सभी ने धरती आबा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके संघर्ष, बलिदान और आदर्शों को याद किया।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा में ट्रक के नीचे दबे चालक को पुलिस और ग्रामीणों ने बचाया, एक घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
गुवा में बिरसा जयंती पर निकली प्रभात फेरी, स्कूली बच्चों ने दिया एकता का संदेश
कार्यक्रम से पूर्व गुवा के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रभात फेरी निकाली। इसके माध्यम से बच्चों ने भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों, आदिवासी अस्मिता, सामाजिक एकता और झारखंड की गौरवशाली पहचान का संदेश दिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि चंद्रभूषण कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान बिरसा मुंडा अंग्रेजों के दमनकारी शासन के खिलाफ आदिवासी आंदोलन के महानायक थे। उन्हें आज पूरा देश धरती आबा के नाम से जानता और सम्मान देता है। उनका जन्म 15 नवंबर 1875 को रांची जिले के उलिहातू गांव में हुआ था। उन्होंने कम उम्र में ही आदिवासी समाज के अधिकारों, जल-जंगल-जमीन और स्वायत्तता की रक्षा के लिए अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष का बिगुल फूंका। मात्र 25 वर्ष की आयु में उनका बलिदान हो गया, लेकिन उनके विचार और संघर्ष आज भी समाज को अन्याय के विरुद्ध खड़े होने तथा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा देते हैं।
इसे भी पढ़ें : Muri : लोवाहातू और कोलमा के विद्यार्थियों को अब तक नहीं मिली साइकिल, विधायक अमित महतो ने लिया संज्ञान
खेल, चिकित्सा, शिक्षा और सामाजिक सेवा में योगदान देने वालों को मिला सम्मान
कार्यक्रम के अंतिम चरण में खेल, चिकित्सा, सामाजिक सेवा एवं शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही बच्चों को बेहतर शिक्षा प्रदान करने में उल्लेखनीय योगदान देने वाली शिक्षिका को भी सम्मान मिला। मुख्य महाप्रबंधक चंद्रभूषण कुमार ने सभी सम्मानित लोगों को शॉल ओढ़ाकर उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज के विकास में निष्ठा और समर्पण के साथ काम करने वाले लोगों का सम्मान दूसरों को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करता है। कार्यक्रम का संचालन नरेश दास ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन विश्वजीत तांती ने किया। मौके पर मंगल पूर्ति, भादों टोप्पो, चांदमनी लागुरी, पद्मिनी लागुरी, कपिलेश्वर डोंगो, सुशील पूर्ति सहित बोकारो स्टील वर्कर्स यूनियन के पदाधिकारी, महिला समिति की सदस्य, सैकड़ों ग्रामीण और स्कूली बच्चे उपस्थित थे।
























