कोयल और कोयना नदी के छठ घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़
दीपों और रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाए घाट, व्रतियों ने मांगी परिवार की सुख-समृद्धि
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मनोहरपुर : चार दिवसीय लोक आस्था का महापर्व छठ मनोहरपुर में सोमवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हो गया। महापर्व के अंतिम दिन अहले सुबह से ही कोयल और कोयना नदी के छठ घाटों सहित क्षेत्र के विभिन्न जलाशयों एवं तालाबों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। रविवार की शाम व्रतियों ने 36 घंटे का निर्जला उपवास रखकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया था। वहीं सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही व्रत का समापन हुआ। इस दौरान व्रती महिलाएं एवं पुरुष सूप में फल, ठेकुआ और पूजन सामग्री लेकर कमर भर पानी में खड़े होकर भगवान भास्कर की आराधना करते नजर आए। अर्घ्य के दौरान छठी मैया के पारंपरिक गीतों और जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। व्रतियों ने छठी मैया और भगवान सूर्य से अपने परिवार की सुख-शांति, समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। अर्घ्य के बाद व्रतियों ने पारण कर प्रसाद वितरित किया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ संपन्न हुआ छठ महापर्व, घाटों पर उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब
कोयल और कोयना नदी के घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, भक्तिमय हुआ माहौल
छठ महापर्व को लेकर मनोहरपुर के विभिन्न घाटों पर विशेष सजावट और रोशनी की व्यवस्था की गई थी। घाटों की साफ-सफाई के साथ रंग-बिरंगी लाइटों, फूलों और दीपों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। रविवार की शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के दौरान दीपों की रोशनी से घाट जगमगा उठे। वहीं सोमवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों की भारी भीड़ देखने को मिली। घाटों पर छठ पूजा के पारंपरिक गीत लगातार गूंजते रहे। श्रद्धालु एक-दूसरे को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते नजर आए। पूरे क्षेत्र में उत्सव और उल्लास का माहौल बना रहा। नदी घाटों पर उमड़ी भीड़ और दीपों से सजी पूजा सामग्री ने छठ पर्व की धार्मिक और सांस्कृतिक छटा को और भी आकर्षक बना दिया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : टाटा स्टील का मेगा विस्तार प्लान, महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में नया स्टील प्लांट लगाने की तैयारी
छठ पूजा के दौरान पुलिस प्रशासन और स्वयंसेवकों ने संभाली व्यवस्था
महापर्व को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में संत नरसिंह आश्रम छठ घाट पूजा समिति के स्वयंसेवकों और स्थानीय पुलिस प्रशासन का सराहनीय योगदान रहा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए घाटों पर भीड़ नियंत्रण, पार्किंग, साफ-सफाई तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पूजा समिति के स्वयंसेवक लगातार घाटों पर तैनात रहकर श्रद्धालुओं की मदद करते रहे। वहीं पुलिस प्रशासन ने भी विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बरती। इसके परिणामस्वरूप रविवार की संध्या और सोमवार की सुबह का अर्घ्य कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। चार दिवसीय छठ महापर्व के समापन के साथ ही मनोहरपुर में श्रद्धा, सामाजिक एकता और लोक संस्कृति की सुंदर झलक देखने को मिली।























