उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा
घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़; बनारस के पांच विद्वान पंडितों ने की भव्य गंगा आरती
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : गुवा, बड़ाजामदा एवं आसपास के क्षेत्रों में सूर्य उपासना का महापर्व छठ सोमवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हो गया। सोमवार अहले सुबह विभिन्न नदी एवं तालाब घाटों पर छठव्रतियों ने उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व तथा छठव्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास पूरा हुआ। पूजा-अर्चना के बाद व्रतियों ने शर्बत ग्रहण कर पारण किया। वहीं घाटों पर पहुंची महिला श्रद्धालुओं ने छठव्रतियों से आंचल में प्रसाद प्राप्त कर भगवान सूर्य के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। गुवा के विभिन्न छठ घाटों पर अर्घ्य अर्पित करने के बाद छठ व्रत कथा का आयोजन भी किया गया।
इसे भी पढ़ें : Jagnathpur : बिरसा मुंडा का उलगुलान झारखंड के स्वाभिमान की अमर गाथा, उनके सपनों का राज्य बनाना हमारा संकल्प – सोनाराम सिंकु
गुवा में छठ घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब, सूर्य को अर्घ्य देकर मांगी खुशहाली
इस अवसर पर गुवा में विशेष धार्मिक आयोजन आकर्षण का केंद्र रहा। बनारस से पहुंचे पांच विद्वान पंडितों एवं पुरोहितों ने विधि-विधान के साथ भव्य गंगा आरती की। आरती के दौरान शंखनाद, मंत्रोच्चार और दीपों की रोशनी से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। वहीं बड़ाजामदा में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने नालदा एवं बड़ाजामदा बाजार स्थित छठ घाट पर पहुंचकर उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया। गुवा स्थित कारो नदी के किनारे उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। पूजा-अर्चना के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। लोगों ने आतिशबाजी कर पर्व की खुशियां मनाईं। घाटों पर लाउडस्पीकर के माध्यम से छठ पूजा के पारंपरिक गीत लगातार गूंजते रहे। इससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना रहा। इससे पूर्व रविवार की शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए भी विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी थी।
इसे भी पढ़ें : Gua : झारखंड मजदूर संघर्ष संघ कार्यालय में मनाई गई भगवान बिरसा मुंडा जयंती
बनारस के विद्वान पंडितों की गंगा आरती ने मोहा श्रद्धालुओं का मन
छठ महापर्व के दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। गुवा थाना के एएसआई नेमलाल महतो पुलिस बल के साथ छठ घाट पर मौजूद रहे और व्यवस्था की निगरानी करते रहे। पुलिसकर्मियों ने श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित रखने तथा पूजा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सुबह से ही बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, महिलाएं, बच्चे और युवा घाटों पर पहुंचकर इस पावन अवसर के साक्षी बने। सूर्यदेव को अंतिम अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही चार दिवसीय महापर्व का समापन हुआ। श्रद्धा, अनुशासन, पारंपरिक लोकगीतों और सामूहिक सहभागिता के बीच गुवा एवं बड़ाजामदा क्षेत्र में छठ पूजा शांतिपूर्ण एवं हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुई। छठ पूजा के सफल आयोजन में गुवा थाना पुलिस का सराहनीय योगदान रहा।
























