आदिवासी युवा संगठन और होड़ महासभा ने किया आयोजन
जल-जंगल-जमीन की रक्षा, शिक्षा और भाषा-संस्कृति के संरक्षण का लिया संकल्प
जेबी लाइव, रिपोर्टर
सरायकेला : भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को आदिवासी युवा संगठन सरायकेला और होड़ महासभा के संयुक्त तत्वावधान में भव्य बाइक रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में आदिवासी युवाओं और समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली का शुभारंभ भगवान बिरसा मुंडा चौक से हुआ। यहां से बाइक सवारों का काफिला पुराना बस स्टैंड, राजघराना, गोपबंधु चौक, सिद्धू-कान्हू पार्क और पुराना अनुमंडल न्यायालय होते हुए आदिवासी कला केंद्र भवन, बड़बिल पहुंचा, जहां रैली का समापन किया गया। इस दौरान युवाओं ने आदिवासी एकता, अस्मिता और गौरवशाली इतिहास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। रैली के माध्यम से समाज में एकजुटता और अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
इसे भी पढ़ें : Manoharpur : मनोहरपुर में आस्था का सैलाब, उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठ महापर्व संपन्न
बिरसा जयंती पर युवाओं ने किया आदिवासी महापुरुषों के संघर्ष और बलिदान को याद
रैली के दौरान धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के साथ वीर सिद्धू-कान्हू, चांद-भैरव, फूलो-झानो सहित अन्य आदिवासी वीर-वीरांगनाओं के संघर्ष और बलिदान को याद किया गया। आयोजकों ने कहा कि झारखंड राज्य का निर्माण लंबे संघर्ष, आंदोलन और अनेक वीर सपूतों के बलिदान का परिणाम है। इसलिए नई पीढ़ी को अपने महापुरुषों के इतिहास, विचारों और आदर्शों से परिचित कराना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का उलगुलान आज भी आदिवासी समाज को अपने अधिकारों, स्वाभिमान और पहचान की रक्षा के लिए प्रेरित करता है। महापुरुषों के बताए मार्ग पर चलकर ही समाज को संगठित और सशक्त बनाया जा सकता है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ संपन्न हुआ छठ महापर्व, घाटों पर उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब
जल-जंगल-जमीन और आदिवासी संस्कृति की रक्षा का युवाओं ने लिया संकल्प
बाइक रैली के माध्यम से आदिवासी समाज को संगठित रहने, शिक्षा को प्राथमिकता देने तथा अपनी भाषा, संस्कृति और पारंपरिक विरासत को संरक्षित करने का आह्वान किया गया। साथ ही जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए सामूहिक रूप से आगे आने का संकल्प लिया गया। आयोजकों ने कहा कि आदिवासी समाज की पहचान उसकी भाषा, परंपरा, संस्कृति और प्राकृतिक संसाधनों से जुड़ी हुई है। इनकी रक्षा करना प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में जलेश कवि, सुराय हांसदा, सामू किस्कु, दखिन हेम्ब्रम, मुकेश मुंदुइया, शैलेन्द्र नाथ टुडू, प्रकाश लामाय, नीलांचल हांसदा, अविनाश बिरुवा, पप्पू हेम्ब्रोम, भूपति देवगम सहित समाज के अनेक सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।























