एलएंडडी सेंटर में 16 से 20 नवंबर तक पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
20 महिला एवं पुरुष कर्मचारी ले रहे हिस्सा
सीपीआर, दुर्घटना प्रबंधन और आपातकालीन उपचार के सिखाए जा रहे गुर
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : सेल की गुवा लौह अयस्क खदान के प्रशिक्षण एवं विकास केंद्र (एलएंडडी सेंटर) में श्रमिकों को कार्यस्थल पर दुर्घटनाओं और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए विशेष प्राथमिक चिकित्सा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। पांच दिवसीय यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 16 से 20 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें सेल के 20 महिला एवं पुरुष कर्मचारी भाग ले रहे हैं। खान व्यावसायिक प्रशिक्षण नियम, 1966 की अनुसूची-XII के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य श्रमिकों को किसी भी दुर्घटना अथवा आपातकालीन स्थिति में घायल व्यक्ति को तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने के लिए प्रशिक्षित करना है। प्रशिक्षण के माध्यम से कर्मचारियों की कार्यस्थल पर सुरक्षा, सतर्कता और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : झारखंड के इतिहास और गौरवशाली विरासत से रूबरू होंगे स्कूली बच्चे, 20 नवंबर तक चलेंगी विशेष गतिविधियां
गुवा सेल में श्रमिकों की सुरक्षा के लिए विशेष प्रशिक्षण अभियान
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को प्राथमिक चिकित्सा के मूल सिद्धांतों के साथ दुर्घटनास्थल का प्रबंधन, प्राथमिक चिकित्सा किट का सही उपयोग, घाव एवं रक्तस्राव पर नियंत्रण तथा फ्रैक्चर, मोच, जलने और अन्य शारीरिक चोटों की स्थिति में उपचार के तरीके बताए जा रहे हैं। इसके अलावा सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) देने की प्रक्रिया भी सिखाई जा रही है। प्रशिक्षणार्थियों को सांस लेने में परेशानी, दिल का दौरा, स्ट्रोक, बेहोशी, सांप के काटने, कीड़े के डंक, हीटस्ट्रोक और निर्जलीकरण जैसी आपातकालीन स्थितियों में प्राथमिक उपचार देने की जानकारी दी जा रही है। प्रशिक्षण के अंतिम चरण में व्यावहारिक अभ्यास और मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इसमें दुर्घटना में घायल व्यक्ति को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने, स्ट्रेचर के इस्तेमाल और प्राथमिक उपचार की तकनीकों का अभ्यास कराया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : पुटरू टोल प्लाजा के पास चलती डस्टर कार में लगी भीषण आग, देखते ही देखते जलकर हुई खाक
सीपीआर से लेकर दुर्घटना प्रबंधन तक, सेल कर्मियों को मिल रही विशेष जानकारी
प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों की लिखित परीक्षा एवं व्यावहारिक मूल्यांकन किया जाएगा। इसमें सफल होने वाले कर्मचारियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। यह कार्यक्रम गुवा सेल के मुख्य महाप्रबंधक चंद्रभूषण कुमार के नेतृत्व में संचालित किया जा रहा है। प्रशिक्षण की जिम्मेदारी गुवा सेल अस्पताल के ओएचएस विभाग के चिकित्सक डॉ. बिप्लब दास एवं एस. सरकार संभाल रहे हैं। कार्यक्रम में सेल के डीजीएम (माइनिंग) मिलन नंदी सहित कर्मचारी गौतम पाठक, शत्रुघ्न उपाध्याय, रमेश प्रधान, शेषनाथ कुमार, समीर अकबर, शिल्पा पॉल, सोहन तिर्की, आमियो कुमार साहू, गुरुचरण पान एवं दीपी करुवा समेत अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। इस पहल से खदान क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों को दुर्घटना के समय प्राथमिक उपचार देने और आपातकालीन स्थिति में बहुमूल्य जीवन बचाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
























