विद्युत रखरखाव कार्य को लेकर एमआईओएम प्रबंधन ने जारी की आधिकारिक सूचना
ए-टाइप प्रथम चरण क्षेत्र में होगा मेंटेनेंस, काम पूरा होते ही बहाल हो सकती है आपूर्ति
विद्युत रखरखाव के कारण चार घंटे प्रभावित रहेगी बिजली आपूर्ति
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : सेल (स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड) के बोकारो स्टील लिमिटेड अंतर्गत मेघाहातुबुरु लौह अयस्क खदान (एमआईओएम) प्रबंधन ने विद्युत रखरखाव कार्य को लेकर बिजली आपूर्ति बाधित रहने की सूचना जारी की है। आधिकारिक सूचना के अनुसार, बुधवार 18 नवंबर 2026 को मेघाहातुबुरु टाउनशिप में सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद रहेगी। प्रबंधन की ओर से बताया गया है कि एमआईओएम के ए-टाइप प्रथम चरण क्षेत्र में आवश्यक विद्युत रखरखाव का कार्य किया जाना है। इसी कारण निर्धारित चार घंटे तक पूरे मेघाहातुबुरु टाउनशिप में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इस दौरान टाउनशिप के आवासीय क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को बिजली कटौती के कारण असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
इसे भी पढ़ें : Gua : तीन माह से लापता 70 वर्षीय वृद्ध का फॉरेस्ट डिपो हॉल में मिला नरकंकाल, सामान से हुई पहचान
मेघाहातुबुरु में बिजली कटौती को लेकर सेल प्रबंधन ने जारी किया अलर्ट
प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित रखरखाव कार्य पूरा होने के बाद बिना किसी पूर्व सूचना के किसी भी समय बिजली आपूर्ति दोबारा शुरू की जा सकती है। इस संबंध में 17 नवंबर 2026 को आधिकारिक सूचना जारी की गई है, जिस पर मेघाहातुबुरु लौह अयस्क खदान के जीएम (इलेक्ट्रिकल) सुरेश लकरा के हस्ताक्षर हैं। सूचना की जानकारी संबंधित अधिकारियों एवं टाउनशिप के सूचना बोर्डों पर भी उपलब्ध करा दी गई है, ताकि निवासी पहले से अपनी आवश्यक तैयारियां कर सकें। प्रबंधन ने निर्धारित समय के दौरान होने वाली असुविधा के लिए टाउनशिप के उपभोक्ताओं से खेद व्यक्त किया है। साथ ही लोगों से बिजली कटौती को ध्यान में रखते हुए जरूरी कार्य पहले ही निपटाने की अपील की गई है।























