Share

Jagnathpur : संविधान रक्षा मार्च को सफल बनाने के लिए जगन्नाथपुर में कांग्रेस की तैयारी बैठक, 26 नवंबर को रांची में जुटेंगे कांग्रेसी

  • विधायक सह कांग्रेस जिलाध्यक्ष सोनाराम सिंकु ने कार्यकर्ताओं से की अधिकाधिक भागीदारी की अपील
  • बोले– संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा
  • जगन्नाथपुर विधानसभा से रांची कूच करेंगे कांग्रेस कार्यकर्ता, बैठक में बनी रणनीति

जेबी लाइव, रिपोर्टर

जगन्नाथपुर : संविधान दिवस के अवसर पर आगामी 26 नवंबर 2026 को रांची में आयोजित होने वाले राज्यव्यापी ‘विशाल संविधान रक्षा मार्च’ एवं ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान की सफलता को लेकर सोमवार को जगन्नाथपुर स्थित कांग्रेस कार्यालय में तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष ललित कुमार दोराईबुरु एवं मंजीत प्रधान ने की। इसमें स्थानीय विधायक सह कांग्रेस जिलाध्यक्ष सोनाराम सिंकु विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में पश्चिमी सिंहभूम जिले से अधिकाधिक कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। साथ ही पंचायत से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने और कार्यकर्ताओं को रांची पहुंचाने की रणनीति तैयार की गई। बैठक में संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के मुद्दे को जन-जन तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।

इसे भी पढ़ें : Seraikela : सरायकेला-खरसावां में 677 परिवारों का पक्के घर का सपना हुआ साकार, गृह प्रवेश सप्ताह संपन्न

संविधान दिवस पर रांची में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, जगन्नाथपुर से भी होगी भागीदारी

इस अवसर पर विधायक सह कांग्रेस जिलाध्यक्ष सोनाराम सिंकु ने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, सामाजिक समानता, न्याय और नागरिकों के अधिकारों की बुनियाद है। संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और जनता के मताधिकार की रक्षा करना कांग्रेस की ऐतिहासिक प्रतिबद्धता रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक अधिकारों के समक्ष कई चुनौतियां खड़ी हैं। ऐसे में कांग्रेस चुप बैठने वाली नहीं है। संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए पार्टी का संघर्ष लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि संविधान रक्षा मार्च महज एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि संविधान, लोकतंत्र और जनता के मताधिकार की रक्षा के लिए व्यापक जनआवाज बुलंद करने का अभियान है। इसके माध्यम से लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।

इसे भी पढ़ें : Dumaria : 90 प्रतिशत दिव्यांग मुंगरी सबर को ट्राईसाइकिल दिलाने की पहल, घर पहुंचे JJKM के केंद्रीय अध्यक्ष बीरसिंह देवगम

संविधान और मताधिकार की रक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा : सोनाराम सिंकु

विधायक सोनाराम सिंकु ने जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र के सभी कांग्रेस पदाधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं से 26 नवंबर को पूरी एकजुटता, ऊर्जा और प्रतिबद्धता के साथ रांची पहुंचने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस राज्यव्यापी कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। बैठक में उपस्थित कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भी संकल्प लिया कि जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र से अधिकाधिक संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। कार्यकर्ताओं ने ‘संविधान रक्षा मार्च’ एवं ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान को मजबूती प्रदान करने तथा इसे सफल बनाने के लिए संगठनात्मक स्तर पर व्यापक तैयारी करने की प्रतिबद्धता जताई।

Leave a Comment

Seraikela : बाल विवाह और लैंगिक भेदभाव के खिलाफ सरायकेला जिले में चला जागरूकता अभियान

झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों और विद्यालयों में रंगोली प्रतियोगिता शपथ ग्रहण व जागरूकता रैली आयोजित, ग्राम

  • झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों और विद्यालयों में रंगोली प्रतियोगिता
  • शपथ ग्रहण व जागरूकता रैली आयोजित, ग्राम स्तर पर महिलाओं को भी किया गया जागरूक
  • बाल विवाह मुक्त और लैंगिक समानता आधारित समाज बनाने पर प्रशासन का जोर

जेबी लाइव, रिपोर्टर

सरायकेला : झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के तहत बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति और लैंगिक भेदभाव के विरुद्ध सोमवार, 23 नवंबर को सरायकेला-खरसावां जिले में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। उपायुक्त के निर्देशानुसार तथा जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सत्या ठाकुर के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालयों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता संबंधी गतिविधियां आयोजित की गईं। अभियान का मुख्य उद्देश्य बाल विवाह की रोकथाम, बाल अधिकारों की सुरक्षा और समाज में लैंगिक समानता की भावना को मजबूत करना रहा। इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों एवं विद्यालयों में रंगोली प्रतियोगिता, शपथ ग्रहण कार्यक्रम और जागरूकता रैली के माध्यम से बच्चों, किशोर-किशोरियों तथा आम नागरिकों को सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक किया गया। कार्यक्रम में बाल विवाह के दुष्परिणामों और बच्चों के सुरक्षित भविष्य के लिए शिक्षा के महत्व पर विशेष जोर दिया गया।

इसे भी पढ़ें : Jagnathpur : संविधान रक्षा मार्च को सफल बनाने के लिए जगन्नाथपुर में कांग्रेस की तैयारी बैठक, 26 नवंबर को रांची में जुटेंगे कांग्रेसी

बाल विवाह रोकने के लिए स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

जागरूकता अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम स्तर पर महिलाओं की बैठकें भी आयोजित की गईं। इन बैठकों में बाल विवाह से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। महिलाओं को बताया गया कि कम उम्र में विवाह होने से बालिकाओं के शारीरिक, मानसिक एवं शैक्षणिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इससे उनके स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य के अवसर प्रभावित होते हैं। बैठक में बाल विवाह के सामाजिक दुष्परिणामों, इसकी रोकथाम के कानूनी एवं सामाजिक उपायों तथा बालिकाओं के अधिकारों की सुरक्षा से संबंधित जानकारी साझा की गई। साथ ही महिलाओं को अपने परिवार, आसपास के लोगों और ग्रामीण समुदाय में इस विषय पर जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि बाल विवाह की रोकथाम केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है।

इसे भी पढ़ें : Seraikela : सरायकेला-खरसावां में 677 परिवारों का पक्के घर का सपना हुआ साकार, गृह प्रवेश सप्ताह संपन्न

ग्राम स्तर पर महिलाओं की बैठक, बाल विवाह के दुष्परिणामों और रोकथाम पर हुई चर्चा

प्रशासन की ओर से आयोजित इन गतिविधियों के माध्यम से बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण के साथ महिला एवं पुरुष के बीच समानता को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और उनके अधिकारों को प्राथमिकता देने की अपील की गई। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत चलाए जा रहे इस अभियान में विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और ग्रामीण समुदायों की सहभागिता सुनिश्चित की गई। जिला प्रशासन का उद्देश्य जागरूकता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाना और बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करना है। साथ ही लैंगिक भेदभाव से मुक्त ऐसा समाज तैयार करना है, जहां बालिकाओं और महिलाओं को भी समान अवसर, अधिकार एवं सम्मान प्राप्त हो सके।

Seraikela : सरायकेला-खरसावां में 677 परिवारों का पक्के घर का सपना हुआ साकार, गृह प्रवेश सप्ताह संपन्न

झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत 17 से 23 नवंबर तक जिले में हुआ गृह प्रवेश कार्यक्रम अंतिम दिन 76

  • झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत 17 से 23 नवंबर तक जिले में हुआ गृह प्रवेश कार्यक्रम
  • अंतिम दिन 76 लाभुक परिवारों ने नए आवास में किया प्रवेश
  • गृह प्रवेश सप्ताह में 677 परिवारों को मिला पक्का मकान, जीवन में आई खुशहाली

जेबी लाइव, रिपोर्टर

सरायकेला : झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के तहत आयोजित गृह प्रवेश सप्ताह के अंतिम दिन 23 नवंबर को सरायकेला-खरसावां जिले के विभिन्न प्रखंडों में 76 लाभुक परिवारों ने अपने नवनिर्मित आवासों में गृह प्रवेश किया। इस दौरान लाभुक परिवारों को पौधे और बधाई पत्र भेंट कर नए घर में प्रवेश की शुभकामनाएं दी गईं। प्रखंडवार आंकड़ों के अनुसार चांडिल में 11, गम्हरिया में 3, ईचागढ़ में 5, खरसावां में 15, कुचाई में 8, कुकड़ू में 12, नीमडीह में 8, राजनगर में 6 तथा सरायकेला प्रखंड में 8 परिवारों ने नए आवास में प्रवेश किया। कार्यक्रम के दौरान लाभुक परिवारों के चेहरे पर अपने पक्के घर का सपना पूरा होने की खुशी साफ झलक रही थी।

इसे भी पढ़ें : Dumaria : 90 प्रतिशत दिव्यांग मुंगरी सबर को ट्राईसाइकिल दिलाने की पहल, घर पहुंचे JJKM के केंद्रीय अध्यक्ष बीरसिंह देवगम

सरायकेला जिले के नौ प्रखंडों में 76 परिवारों को मिला नए घर का तोहफा

गृह प्रवेश कार्यक्रम जिले के विभिन्न पंचायतों और गांवों में आयोजित किया गया, जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया। उनकी मौजूदगी में लाभुक परिवारों को नए आवास में प्रवेश कराया गया। इस अवसर पर परिवारों को पौधे देकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। गृह प्रवेश सप्ताह के तहत लाभुकों को सम्मानपूर्वक उनके नए घरों की चाबी और आवास से जुड़ी खुशियों के साथ स्वागत किया गया। प्रशासन की इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में आवास योजना के प्रति उत्साह देखने को मिला।

इसे भी पढ़ें : Jadugoda : आठ साल की उम्र में समृद्ध शर्मा बने इंटरनेशनल रेटेड शतरंज खिलाड़ी, जादूगोड़ा का बढ़ाया मान

नए घर में प्रवेश के साथ लाभुक परिवारों को पौधे और बधाई पत्र देकर किया सम्मानित

उल्लेखनीय है कि झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत 17 नवंबर से 23 नवंबर तक जिले में संचालित गृह प्रवेश सप्ताह के दौरान कुल 677 लाभुक परिवारों के नवनिर्मित आवासों में गृह प्रवेश संपन्न कराया गया। इस पहल से बड़ी संख्या में जरूरतमंद परिवारों का अपने पक्के मकान का वर्षों पुराना सपना साकार हुआ है। सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने की दिशा में यह महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। पक्के मकान मिलने से लाभुक परिवारों को न केवल बेहतर आवासीय सुविधा मिलेगी, बल्कि उनके जीवन में सुरक्षा, स्थायित्व और खुशहाली का नया अध्याय भी शुरू होगा।

Dumaria : 90 प्रतिशत दिव्यांग मुंगरी सबर को ट्राईसाइकिल दिलाने की पहल, घर पहुंचे JJKM के केंद्रीय अध्यक्ष बीरसिंह देवगम

सरकारी योजना का लाभ दिलाने के लिए परिवार से की मुलाकात जिला प्रशासन और संबंधित विभाग के समक्ष मामला उठाने

  • सरकारी योजना का लाभ दिलाने के लिए परिवार से की मुलाकात
  • जिला प्रशासन और संबंधित विभाग के समक्ष मामला उठाने का लिया संकल्प
  • सबर समुदाय के जरूरतमंदों को अधिकार और सम्मान दिलाने का संकल्प

जेबी लाइव, रिपोर्टर

डुमरिया : डुमरिया प्रखंड के केंदुआ ग्राम पंचायत अंतर्गत कलियाम कोचा गांव में आदिम जनजाति सबर समुदाय की करीब 90 प्रतिशत दिव्यांग मुंगरी सबर की मदद के लिए सामाजिक पहल की गई। झारखंड जनशक्ति क्रांतिकारी मोर्चा (JJKM) के केंद्रीय अध्यक्ष बीरसिंह देवगम उनके घर पहुंचे और मुंगरी सबर एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर उनकी स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने मुंगरी सबर की शारीरिक स्थिति और दैनिक जीवन में आने वाली परेशानियों को करीब से समझा। उनकी दिव्यांगता को देखते हुए सरकारी योजना के तहत विशेष ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने की पहल करने का आश्वासन दिया।

इसे भी पढ़ें : Jadugoda : आठ साल की उम्र में समृद्ध शर्मा बने इंटरनेशनल रेटेड शतरंज खिलाड़ी, जादूगोड़ा का बढ़ाया मान

90 प्रतिशत दिव्यांग मुंगरी सबर की मदद के लिए आगे आया JJKM

मुलाकात के दौरान बीरसिंह देवगम ने परिवार के सदस्यों से उनकी आर्थिक एवं पारिवारिक परिस्थितियों के साथ-साथ रोजमर्रा की समस्याओं पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि मुंगरी सबर को ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभाग और जिला प्रशासन के समक्ष उनकी समस्या उठाई जाएगी। इसके लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में प्रयास किया जाएगा। उनका उद्देश्य है कि दिव्यांग होने के कारण मुंगरी सबर को आवागमन और दैनिक कार्यों में होने वाली कठिनाइयों से राहत मिल सके तथा वे आत्मनिर्भर जीवन जी सकें।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : रोमन कैथोलिक चर्च में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया ख्रीस्त राजा का पर्व

दिव्यांग मुंगरी सबर को सरकारी सुविधा दिलाने के लिए प्रशासन से करेंगे पहल

इस अवसर पर बीरसिंह देवगम ने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंद परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। विशेष रूप से आदिम जनजाति सबर समुदाय के दिव्यांग, बुजुर्ग, विधवा और वंचित लोगों को उनका अधिकार, सम्मान एवं सरकारी सुविधाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने जरूरतमंदों की आवाज बनकर उनके अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष करने का संकल्प दोहराया। इस मौके पर जोनू सबर, मोहित सबर, दिनेश सबर एवं मंगल मार्डी उपस्थित थे।

Jadugoda : आठ साल की उम्र में समृद्ध शर्मा बने इंटरनेशनल रेटेड शतरंज खिलाड़ी, जादूगोड़ा का बढ़ाया मान

नवंबर की वर्ल्ड फिडे रेटिंग सूची में बनाई जगह, 1488 रेटिंग अंक हासिल किए यूसीआईएल कर्मी रामेश्वर मिस्त्री के पुत्र

  • नवंबर की वर्ल्ड फिडे रेटिंग सूची में बनाई जगह, 1488 रेटिंग अंक हासिल किए
  • यूसीआईएल कर्मी रामेश्वर मिस्त्री के पुत्र की उपलब्धि पर बधाइयों का लगा तांता
  • 18 महीने की ट्रेनिंग में समृद्ध ने हासिल की अंतरराष्ट्रीय शतरंज रेटिंग

जेबी लाइव, रिपोर्टर

जादूगोड़ा : प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती, इसे जादूगोड़ा के आठ वर्षीय समृद्ध शर्मा ने साबित कर दिखाया है। तुरामडीह यूरेनियम प्रोजेक्ट में कार्यरत यूसीआईएल कर्मी रामेश्वर मिस्त्री के पुत्र समृद्ध ने नवंबर में जारी वर्ल्ड फिडे (FIDE) रेटिंग सूची में जगह बनाकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्हें 1488 रेटिंग अंक प्राप्त हुए हैं। इतनी कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय रेटिंग हासिल कर समृद्ध ने न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे जादूगोड़ा और ग्रामीण क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनके शतरंज प्रशिक्षक विकास कालिंदी ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में इतनी कम उम्र में यह उपलब्धि हासिल करने वाले समृद्ध पहले खिलाड़ी हैं। उन्होंने पिछले महीने चाईबासा में आयोजित द्वितीय रूंगटा सीमेंट इंटरनेशनल ओपन फिडे रेटिंग चेस टूर्नामेंट में अपने से अधिक उम्र और अनुभवी खिलाड़ियों को हराकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था।

इसे भी पढ़ें : Jadugoda : राखा कॉपर खदान की जनसुनवाई को रोआम ग्रामसभा का समर्थन, 57 विस्थापितों को रोजगार देने पर बनी सहमति

आठ साल के समृद्ध ने शतरंज में रचा इतिहास, 1488 रेटिंग अंक हासिल किए

समृद्ध शर्मा सुंदरनगर स्थित स्प्रिंग फ्लावर स्कूल में तीसरी कक्षा के छात्र हैं। उन्होंने महज 18 महीने के शतरंज प्रशिक्षण में यह मुकाम हासिल किया है। उनकी इस सफलता से परिवार, विद्यालय और क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। उपलब्धि की जानकारी मिलने के बाद उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। प्रशिक्षक विकास कालिंदी ने समृद्ध की मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि समृद्ध आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का परचम लहराएंगे।

Jamshedpur : रोमन कैथोलिक चर्च में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया ख्रीस्त राजा का पर्व

पालकी में सजी ख्रीस्त राजा की प्रतिमा के साथ निकाली गई भव्य शोभायात्रा पल्ली पुरोहित ललित बाड़ा ने संपन्न कराया

  • पालकी में सजी ख्रीस्त राजा की प्रतिमा के साथ निकाली गई भव्य शोभायात्रा
  • पल्ली पुरोहित ललित बाड़ा ने संपन्न कराया मिस्सा अनुष्ठान; बड़ी संख्या में श्रद्धालु हुए शामिल
  • ख्रीस्त राजा पर्व पर चर्च में उमड़े विश्वासी, एक-दूसरे को दी बधाई

जेबी लाइव, रिपोर्टर

जमशेदपुर : रोमन कैथोलिक चर्च में रविवार को ख्रीस्त राजा का पर्व बड़े धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर चर्च परिसर में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम की शुरुआत प्रचारक द्वारा सामूहिक प्रार्थना के साथ हुई। इसके बाद ख्रीस्त राजा की प्रतिमा को आकर्षक ढंग से सजाई गई पालकी में विराजमान कर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और भक्तिभाव देखने को मिला। प्रतिमा को विधिवत चर्च परिसर में लाया गया, जहां पल्ली पुरोहित ललित बाड़ा की अगुवाई में पवित्र मिस्सा अनुष्ठान संपन्न हुआ। इस दौरान कोयर दलों द्वारा प्रस्तुत भक्तिमय गीतों ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक और आनंदमय बना दिया। बड़ी संख्या में विश्वासियों ने प्रार्थना और धार्मिक अनुष्ठान में भाग लिया।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जमशेदपुर को हार्ट-सेफ सिटी बनाने की पहल, सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल में स्थापित हुआ AED

पालकी में निकली ख्रीस्त राजा की शोभायात्रा, चर्च में हुई विशेष प्रार्थना

मिस्सा अनुष्ठान समाप्त होने के बाद श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे से हाथ मिलाकर ख्रीस्त राजा पर्व की शुभकामनाएं दीं। पूरे आयोजन के दौरान आपसी प्रेम, भाईचारे और धार्मिक एकता का संदेश देखने को मिला। इस अवसर पर तोबियस डुंगडुंग, बिरसा कुमूर, बिनु कुल्लू, पवन बलका, सुकन ककड़ा, राजा गुड़िया, दीपिका लकड़ा, कुलकुल केराई, रिनिका गुड़िया, हाइकन नाईट, मंजु बल्लो, पुष्पा समद, मरीना लकड़ा, पुष्पा केंगरा, अंजेला बाड़ा, पूनम कुजूर और मेरी काईन सहित बड़ी संख्या में विश्वासी उपस्थित रहे। सभी ने श्रद्धा और उत्साह के साथ पर्व मनाया।

Jamshedpur : जमशेदपुर को हार्ट-सेफ सिटी बनाने की पहल, सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल में स्थापित हुआ AED

‘दिल धड़कने दो’ अभियान के तहत स्कूल को मिला जीवनरक्षक उपकरण विद्यार्थियों और शिक्षकों को हृदय संबंधी आपातकालीन स्थितियों से

  • ‘दिल धड़कने दो’ अभियान के तहत स्कूल को मिला जीवनरक्षक उपकरण
  • विद्यार्थियों और शिक्षकों को हृदय संबंधी आपातकालीन स्थितियों से निपटने का दिया गया प्रशिक्षण
  • हार्ट-सेफ सिटी बनाने के लिए स्कूलों और संस्थानों को जोड़ने की तैयारी

जेबी लाइव, रिपोर्टर

जमशेदपुर : शहर को हार्ट-सेफ सिटी बनाने और हृदय संबंधी आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों की जान बचाने की तैयारी मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। इसी उद्देश्य से ‘दिल धड़कने दो’ अभियान के तहत सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल में ऑटोमेटेड एक्सटर्नल डिफिब्रिलेटर (AED) स्थापित किया गया। इस अभियान की परिकल्पना एवं अगुवाई टाटा मेन हॉस्पिटल, जमशेदपुर के कार्डियोलॉजी एवं कार्डियक कैथ लैब विभाग के प्रमुख और चीफ कंसल्टेंट डॉ. मंदार महावीर शाह ने की है। अभियान का मुख्य उद्देश्य जीवनरक्षक हृदय आपातकालीन उपकरणों की उपलब्धता और उनके इस्तेमाल से जुड़ी जागरूकता को अस्पतालों से बाहर निकालकर स्कूलों, शैक्षणिक संस्थानों और आम समुदाय तक पहुंचाना है। इसके माध्यम से हृदयाघात जैसी गंभीर परिस्थितियों में समय पर प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।

इसे भी पढ़ें : Potka : हेंसल में जगद्धात्री पूजा के अंतिम दिन उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब, एक किलोमीटर तक लगी कतार

जमशेदपुर में हृदय रोग से बचाव और आपातकालीन सहायता के लिए शुरू हुई नई पहल

विद्यालय में स्थापित AED उपकरण का योगदान दर्शना टांक, मैनेजिंग डायरेक्टर, ईस्टर्न ट्रैवल्स प्राइवेट लिमिटेड एवं सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल की पूर्व छात्रा ने किया। उनके इस परोपकारी योगदान से विद्यालय की आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था मजबूत हुई है। जरूरत पड़ने पर यह उपकरण आसपास के क्षेत्र के लोगों के लिए भी जीवनरक्षक साबित हो सकता है। कार्यक्रम का आयोजन एवं समन्वय एसोसिएशन ऑफ सेक्रेड हार्ट एलुमनाई (आशा) की अध्यक्ष खुशबू सिंह ने किया। इस पहल में निशा टांक तथा जमशेदपुर सेफ-हार्ट फाउंडेशन की ओर से उमंग झुनझुनवाला का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा। आयोजन का उद्देश्य केवल उपकरण स्थापित करना नहीं, बल्कि लोगों को हृदय संबंधी आपातकालीन स्थितियों में तत्काल सहायता देने के लिए जागरूक और सक्षम बनाना भी है।

इसे भी पढ़ें : Jadugoda : राखा कॉपर खदान की जनसुनवाई को रोआम ग्रामसभा का समर्थन, 57 विस्थापितों को रोजगार देने पर बनी सहमति

पूर्व छात्रा दर्शना टांक ने स्कूल को दिया जीवनरक्षक AED उपकरण

कार्यक्रम के दौरान डॉ. जलदीप सिंह ने AED उपकरण के इस्तेमाल का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि हृदय संबंधी आपातकालीन स्थिति में इस उपकरण का सही तरीके से उपयोग किस प्रकार किया जा सकता है। वहीं डॉ. सौम्या ने वर्चुअल प्रशिक्षण के माध्यम से हृदय संबंधी आपातकालीन परिस्थितियों की पहचान, समय पर प्रतिक्रिया और उचित कदम उठाने के महत्व पर जानकारी साझा की। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों और विद्यालय कर्मचारियों को आपातकालीन स्थिति में घबराने के बजाय सही प्रक्रिया अपनाने के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अन्य कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन टीम में सचिव स्नेहा मेरवाह, डॉ. कंकना और शरबानी शामिल रहीं। विद्यालय की प्राचार्या सिस्टर स्टेफी ए.सी. ने कार्यक्रम की मेजबानी की।

इसे भी पढ़ें : Seraikela : झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा: सरायकेला में 47 परिवारों ने नए आवास में किया गृह प्रवेश

विद्यार्थियों और शिक्षकों को AED के इस्तेमाल का दिया गया व्यावहारिक प्रशिक्षण

इस पहल का व्यापक लक्ष्य जमशेदपुर में ऐसे शैक्षणिक एवं अन्य संस्थानों का नेटवर्क तैयार करना है, जो हृदय संबंधी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए पूरी तरह जागरूक और तैयार रहें। इसके लिए चिकित्सा विशेषज्ञों, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों और परोपकारी योगदानकर्ताओं को एक साझा मंच पर जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से स्कूलों और सार्वजनिक संस्थानों में AED जैसे जीवनरक्षक उपकरणों की उपलब्धता बढ़ाने के साथ-साथ लोगों को उनके इस्तेमाल का प्रशिक्षण देने पर जोर दिया जा रहा है। आयोजकों का मानना है कि समय पर सही सहायता और प्रशिक्षित लोगों की उपलब्धता से हृदय संबंधी आपातकालीन स्थितियों में कई अनमोल जिंदगियां बचाई जा सकती हैं। सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल में AED की स्थापना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Comment

You cannot copy content of this page

Scroll to Top