सरकारी योजना का लाभ दिलाने के लिए परिवार से की मुलाकात
जिला प्रशासन और संबंधित विभाग के समक्ष मामला उठाने का लिया संकल्प
सबर समुदाय के जरूरतमंदों को अधिकार और सम्मान दिलाने का संकल्प
जेबी लाइव, रिपोर्टर
डुमरिया : डुमरिया प्रखंड के केंदुआ ग्राम पंचायत अंतर्गत कलियाम कोचा गांव में आदिम जनजाति सबर समुदाय की करीब 90 प्रतिशत दिव्यांग मुंगरी सबर की मदद के लिए सामाजिक पहल की गई। झारखंड जनशक्ति क्रांतिकारी मोर्चा (JJKM) के केंद्रीय अध्यक्ष बीरसिंह देवगम उनके घर पहुंचे और मुंगरी सबर एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर उनकी स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने मुंगरी सबर की शारीरिक स्थिति और दैनिक जीवन में आने वाली परेशानियों को करीब से समझा। उनकी दिव्यांगता को देखते हुए सरकारी योजना के तहत विशेष ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने की पहल करने का आश्वासन दिया।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : आठ साल की उम्र में समृद्ध शर्मा बने इंटरनेशनल रेटेड शतरंज खिलाड़ी, जादूगोड़ा का बढ़ाया मान
90 प्रतिशत दिव्यांग मुंगरी सबर की मदद के लिए आगे आया JJKM
मुलाकात के दौरान बीरसिंह देवगम ने परिवार के सदस्यों से उनकी आर्थिक एवं पारिवारिक परिस्थितियों के साथ-साथ रोजमर्रा की समस्याओं पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि मुंगरी सबर को ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभाग और जिला प्रशासन के समक्ष उनकी समस्या उठाई जाएगी। इसके लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में प्रयास किया जाएगा। उनका उद्देश्य है कि दिव्यांग होने के कारण मुंगरी सबर को आवागमन और दैनिक कार्यों में होने वाली कठिनाइयों से राहत मिल सके तथा वे आत्मनिर्भर जीवन जी सकें।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : रोमन कैथोलिक चर्च में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया ख्रीस्त राजा का पर्व
दिव्यांग मुंगरी सबर को सरकारी सुविधा दिलाने के लिए प्रशासन से करेंगे पहल
इस अवसर पर बीरसिंह देवगम ने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंद परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। विशेष रूप से आदिम जनजाति सबर समुदाय के दिव्यांग, बुजुर्ग, विधवा और वंचित लोगों को उनका अधिकार, सम्मान एवं सरकारी सुविधाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने जरूरतमंदों की आवाज बनकर उनके अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष करने का संकल्प दोहराया। इस मौके पर जोनू सबर, मोहित सबर, दिनेश सबर एवं मंगल मार्डी उपस्थित थे।

























