झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत जिला नियोजनालय में लगा रोजगार मेला
17 संस्थानों ने विभिन्न पदों पर की भर्ती प्रक्रिया; सरायकेला, चाईबासा और जमशेदपुर में मिलेंगे रोजगार के अवसर
जेबी लाइव, रिपोर्टर
सरायकेला-खरसावां : झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा (17 से 27 नवंबर) के अवसर पर रविवार, 22 नवंबर 2026 को जिला नियोजनालय सह मॉडल कैरियर सेंटर, सरायकेला-खरसावां परिसर में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस रोजगार मेले में जिले सहित आसपास के क्षेत्रों के सैकड़ों रोजगार इच्छुक युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों और संस्थानों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता, तकनीकी दक्षता और अनुभव के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी की। विभिन्न पदों पर नियुक्ति के लिए कुल 17 संस्थानों ने हिस्सा लिया। इनमें रामकृष्णा फोर्जिंग्स लिमिटेड, रूंगटा माइन्स लिमिटेड, छवि कंस्ट्रक्शन, अमलगम स्टील एंड पावर लिमिटेड, जय सस्पेंशन, उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक, मयंक इंटरप्राइजेज, एलआईसी, युवा शक्ति फाउंडेशन, टैलेंटनेक्सा सर्विसेज, टाटा स्टील फाउंडेशन, ब्रावो सिक्योरिटी, संजीव रमन सिक्योरिटी एजेंसी, मागवास मशीन प्रोटेक्शन, क्रेडिट एक्सेस ग्रामीण लिमिटेड और यूनिक सोल्यूशन सहित अन्य संस्थान शामिल रहे।
इसे भी पढ़ें : Gua : गुवा खदान के सफाई कर्मियों ने स्थायीकरण की मांग उठाई, आंदोलन की चेतावनी
17 कंपनियों ने युवाओं को दिया रोजगार पाने का अवसर, विभिन्न पदों पर हुई भर्ती
रोजगार मेले में तकनीकी, औद्योगिक, वित्तीय, सुरक्षा और सेवा क्षेत्र से जुड़े कई पदों के लिए नियुक्ति प्रक्रिया आयोजित की गई। इसमें डीआरआई फिटर, सीनियर इलेक्ट्रीशियन, वेल्डर, गैस कटर, सेल्स एग्जीक्यूटिव, ऑटोमोबाइल तकनीशियन, सर्विस सुपरवाइजर, अकाउंटेंट, कैशियर, केमिस्ट, सेफ्टी ऑफिसर, क्वालिटी असिस्टेंट, सीएनसी ऑपरेटर, सीएमएम ऑपरेटर एवं प्रोग्रामर, नर्स, ड्राइवर, रिसेप्शनिस्ट, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, लैब ट्रेनी, सिक्योरिटी गार्ड, सिक्योरिटी सुपरवाइजर और ऑटोकैड डिजाइनर समेत कई पद शामिल थे। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों का साक्षात्कार और योग्यता के अनुसार मूल्यांकन किया। इस चयन प्रक्रिया में कुल 311 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया। वहीं, चयन प्रक्रिया में सफल 15 अभ्यर्थियों को रोजगार मेले में ही ऑनस्पॉट ऑफर लेटर प्रदान किया गया। इससे युवाओं में काफी उत्साह देखा गया।
इसे भी पढ़ें : Gua : देवकी कुमारी की पहल लाई रंग, गुवा पूर्वी पंचायत में शुरू हुआ सिलाई-कटाई प्रशिक्षण केंद्र
रोजगार मेले में 311 युवाओं की शॉर्टलिस्टिंग, 15 अभ्यर्थियों को मिला नियुक्ति प्रस्ताव
जिला नियोजन पदाधिकारी आशा मक्सिमा लाकड़ा ने बताया कि रोजगार मेले के माध्यम से चयनित अभ्यर्थियों को मुख्य रूप से सरायकेला-खरसावां, चाईबासा और जमशेदपुर क्षेत्र में विभिन्न पदों पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिला नियोजनालय सह मॉडल कैरियर सेंटर के माध्यम से नियमित रूप से रोजगार शिविर और रोजगार मेले आयोजित किए जाते हैं। इसका मुख्य उद्देश्य जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं, तकनीकी रूप से प्रशिक्षित अभ्यर्थियों और रोजगार की तलाश कर रहे लोगों को निजी कंपनियों एवं प्रतिष्ठित संस्थानों से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि ऐसे आयोजनों से स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र और आसपास के औद्योगिक शहरों में रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिलता है। नियोजन पदाधिकारी ने युवाओं से अपील की कि वे भविष्य में आयोजित होने वाले रोजगार मेलों और भर्ती कैंपों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाएं।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा में NH-49 पर दर्दनाक हादसा, अज्ञात वाहन की चपेट में आने से पैदल युवक की मौत
जिला नियोजन पदाधिकारी ने युवाओं से रोजगार शिविरों में भाग लेने की अपील की
उन्होंने विशेष रूप से स्पष्ट किया कि जिला नियोजनालय के माध्यम से आयोजित रोजगार मेले एवं भर्ती कैंप में नियोजन की पूरी प्रक्रिया पूर्णतः निःशुल्क है। इसके लिए अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार का शुल्क देने की आवश्यकता नहीं है। युवाओं से अपील की गई कि वे रोजगार के नाम पर किसी भी व्यक्ति या संस्था को पैसे न दें तथा नियोजनालय की ओर से जारी आधिकारिक सूचनाओं के आधार पर ही भर्ती प्रक्रिया में शामिल हों। रोजगार मेले में जिला नियोजन पदाधिकारी आशा मक्सिमा लाकड़ा, वाईपी रवि प्रकाश सिंह, जिला नियोजनालय के कर्मी रमण कुमार, सुजीत सरदार सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। इसके अलावा विभिन्न कंपनियों के एचआर मैनेजर और प्रतिनिधियों ने भी अभ्यर्थियों के चयन में सक्रिय भूमिका निभाई।