झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत 17 से 23 नवंबर तक जिले में हुआ गृह प्रवेश कार्यक्रम
अंतिम दिन 76 लाभुक परिवारों ने नए आवास में किया प्रवेश
गृह प्रवेश सप्ताह में 677 परिवारों को मिला पक्का मकान, जीवन में आई खुशहाली
जेबी लाइव, रिपोर्टर
सरायकेला : झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के तहत आयोजित गृह प्रवेश सप्ताह के अंतिम दिन 23 नवंबर को सरायकेला-खरसावां जिले के विभिन्न प्रखंडों में 76 लाभुक परिवारों ने अपने नवनिर्मित आवासों में गृह प्रवेश किया। इस दौरान लाभुक परिवारों को पौधे और बधाई पत्र भेंट कर नए घर में प्रवेश की शुभकामनाएं दी गईं। प्रखंडवार आंकड़ों के अनुसार चांडिल में 11, गम्हरिया में 3, ईचागढ़ में 5, खरसावां में 15, कुचाई में 8, कुकड़ू में 12, नीमडीह में 8, राजनगर में 6 तथा सरायकेला प्रखंड में 8 परिवारों ने नए आवास में प्रवेश किया। कार्यक्रम के दौरान लाभुक परिवारों के चेहरे पर अपने पक्के घर का सपना पूरा होने की खुशी साफ झलक रही थी।
इसे भी पढ़ें : Dumaria : 90 प्रतिशत दिव्यांग मुंगरी सबर को ट्राईसाइकिल दिलाने की पहल, घर पहुंचे JJKM के केंद्रीय अध्यक्ष बीरसिंह देवगम
सरायकेला जिले के नौ प्रखंडों में 76 परिवारों को मिला नए घर का तोहफा

गृह प्रवेश कार्यक्रम जिले के विभिन्न पंचायतों और गांवों में आयोजित किया गया, जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया। उनकी मौजूदगी में लाभुक परिवारों को नए आवास में प्रवेश कराया गया। इस अवसर पर परिवारों को पौधे देकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। गृह प्रवेश सप्ताह के तहत लाभुकों को सम्मानपूर्वक उनके नए घरों की चाबी और आवास से जुड़ी खुशियों के साथ स्वागत किया गया। प्रशासन की इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में आवास योजना के प्रति उत्साह देखने को मिला।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : आठ साल की उम्र में समृद्ध शर्मा बने इंटरनेशनल रेटेड शतरंज खिलाड़ी, जादूगोड़ा का बढ़ाया मान
नए घर में प्रवेश के साथ लाभुक परिवारों को पौधे और बधाई पत्र देकर किया सम्मानित
उल्लेखनीय है कि झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत 17 नवंबर से 23 नवंबर तक जिले में संचालित गृह प्रवेश सप्ताह के दौरान कुल 677 लाभुक परिवारों के नवनिर्मित आवासों में गृह प्रवेश संपन्न कराया गया। इस पहल से बड़ी संख्या में जरूरतमंद परिवारों का अपने पक्के मकान का वर्षों पुराना सपना साकार हुआ है। सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने की दिशा में यह महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। पक्के मकान मिलने से लाभुक परिवारों को न केवल बेहतर आवासीय सुविधा मिलेगी, बल्कि उनके जीवन में सुरक्षा, स्थायित्व और खुशहाली का नया अध्याय भी शुरू होगा।























