- बेटियों की शिक्षा, महिला समानता और अधिकारों के प्रति किया जागरूक
- बाल विवाह रोकने और सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने की दिलाई शपथ
- अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने का लिया संकल्प
- बाल विवाह मुक्त समाज बनाने में सामूहिक भागीदारी जरूरी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने तथा महिलाओं एवं बालिकाओं के अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से शनिवार को गुवा के कैलाश नगर ग्राम संगठन में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के तत्वावधान में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान एवं 5.0 नई चेतना जेंडर कैंपेन के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जेंडर सीआरपी गीता देवी और ममता देवी ने की। इस दौरान महिलाओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों, बालिकाओं की शिक्षा, महिला समानता तथा महिलाओं के विरुद्ध होने वाली हिंसा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि बाल विवाह बच्चों के भविष्य और उनके अधिकारों को प्रभावित करता है। इसे रोकने के लिए समाज के हर वर्ग को जागरूक और जिम्मेदार बनना होगा।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : बाल विवाह के खिलाफ निर्णायक जंग में पीएलवी डालसा के असली सैनिक – धर्मेंद्र कुमार
रैली में गूंजे बेटियों की शिक्षा और समानता के नारे
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने जागरूकता रैली निकालकर बाल विवाह के खिलाफ आवाज बुलंद की। रैली में शामिल महिलाओं ने ‘एक साथ एक आवाज, समानता के लिए संकल्प की आवाज’ और ‘एक बेटी पढ़ेगी, सात पीढ़ी बढ़ेगी’ जैसे प्रेरणादायक नारे लगाए। इन नारों के माध्यम से बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने, महिलाओं को समान अधिकार दिलाने और बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने का संदेश दिया गया। महिलाओं ने लोगों से अपील की कि कम उम्र में बेटियों की शादी कराने के बजाय उन्हें शिक्षा और आगे बढ़ने के अवसर दिए जाएं। उन्होंने बाल विवाह की जानकारी मिलने पर इसका विरोध करने और जरूरत पड़ने पर संबंधित जिम्मेदार लोगों तक सूचना पहुंचाने की बात भी कही। अभियान का उद्देश्य गांव-गांव तक जागरूकता पहुंचाकर सामाजिक बदलाव को गति देना रहा।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत सरायकेला न्यायालय से जागरूकता रथ रवाना
‘एक बेटी पढ़ेगी, सात पीढ़ी बढ़ेगी‘ के संदेश के साथ निकली रैली
कार्यक्रम में वीएलई तापस दास, शिवांगी भक्ति, सेविका नीलीदा लुगुन, पूर्णिमा सामंत, बहमनी सुरीन, लावण्या पात्रो और लक्ष्मी कुमारी सहित समूह की कई महिलाएं उपस्थित थीं। सभी ने अपने-अपने क्षेत्रों में बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता फैलाने और महिलाओं एवं बालिकाओं के अधिकारों के लिए आवाज उठाने का संकल्प लिया। महिलाओं ने कहा कि बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण के लिए परिवार, समुदाय और सामाजिक संगठनों की सामूहिक भागीदारी जरूरी है। बेटियों को शिक्षा, सम्मान और समान अवसर उपलब्ध कराकर ही समाज को मजबूत बनाया जा सकता है। कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं ने स्पष्ट संदेश दिया कि बाल विवाह को रोकना केवल किसी एक व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है।























