आरआईटी थाना क्षेत्र के रोड नंबर चार स्थित रूई दुकान के पास आधी रात हुई वारदात
सूचना के करीब आधे घंटे बाद पहुंची पुलिस
आपसी विवाद में हिंसा की घटनाओं से इलाके में बढ़ी चिंता
जेबी लाइव, रिपोर्टर
आदित्यपुर : आदित्यपुर के आरआईटी थाना क्षेत्र अंतर्गत रोड नंबर चार में मंगलवार की रात करीब 11:30 बजे आपसी विवाद को लेकर चाकूबाजी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रोड नंबर चार स्थित एक रूई दुकान के पास दो व्यक्तियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। बताया जाता है कि इसी दौरान एक व्यक्ति ने दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद दूसरे व्यक्ति ने भी जवाबी हमला करते हुए उस पर चाकू से कई वार कर दिए। अचानक हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
इसे भी पढ़ें : Gua : कार्तिक पूर्णिमा पर गुवा के कुसुम घाट कारो नदी में श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी
आदित्यपुर में देर रात आपसी विवाद के बाद मची अफरा-तफरी
घटना में दोनों व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने मामले की जानकारी आरआईटी थाना पुलिस को दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सूचना मिलने के करीब आधे घंटे बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद पुलिस ने दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। चाकूबाजी की वारदात किन परिस्थितियों में हुई और विवाद की असली वजह क्या थी, इसका फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। घायलों की पहचान और घटना में शामिल अन्य पहलुओं की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
























