1 दिसंबर को आयोजित होगा जयंती महोत्सव
12 किलोमीटर राष्ट्रीय युवा मैराथन के साथ खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे मुख्य आकर्षण
27 नवंबर को श्रद्धांजलि कार्यक्रम, 1 दिसंबर को 12 किलोमीटर मैराथन दौड़
वीर शहीदों की स्मृति में सोनाहातू में होगा मैराथन और सांस्कृतिक आयोजन
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मुरी : स्वतंत्रता सेनानी वीर बुली महतो की 241वीं जयंती के अवसर पर आगामी 1 दिसंबर 2026, मंगलवार को सोनाहातू में भव्य जयंती महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसकी जानकारी जेएलकेएम के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष एवं युवा आंदोलनकारी देवेंद्र नाथ महतो ने दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में डुमरी विधायक डॉ. जयराम महतो, साहित्यकार एवं पूर्व सांसद शैलेन्द्र महतो सहित धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा, सिद्धो-कान्हू, नीलांबर-पीतांबर, शहीद शेख भिखारी और विनोद बिहारी महतो समेत झारखंड के अन्य महान शहीदों एवं आंदोलनकारियों के वंशजों को भी आमंत्रित किया गया है। आयोजकों के अनुसार, वीर बुली महतो ने 14 जून 1834 को वीरगति प्राप्त की थी। उनकी स्मृति और बलिदान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : Gua : गुवा गुरुद्वारा में श्रद्धा और उल्लास के साथ मना गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाशोत्सव
सोनाहातू में वीर बुली महतो की जयंती पर जुटेंगे झारखंड के गणमान्य लोग
देवेंद्र नाथ महतो ने बताया कि जयंती महोत्सव के तहत 27 नवंबर 2026 को सोनाहातू स्थित वीर बुली महतो चौक पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वहीं, 1 दिसंबर को मुख्य जयंती समारोह के दौरान विभिन्न खेलकूद, मैराथन दौड़ और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। महोत्सव का प्रमुख आकर्षण 12 किलोमीटर की राष्ट्रीय युवा मैराथन दौड़ होगी, जो निर्मल महतो चौक, जाड़ेया से शुरू होकर वीर बुली महतो चौक, सोनाहातू तक पहुंचेगी। इसके अलावा महिलाओं के लिए 30 मीटर कुर्सी दौड़ और बोरा दौड़ प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। आयोजकों का कहना है कि इस आयोजन के माध्यम से नई पीढ़ी को झारखंड के स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों के संघर्ष, बलिदान तथा ऐतिहासिक योगदान से परिचित कराया जाएगा।























