मुखिया और पंप ऑपरेटर के बीच जमकर आरोप-प्रत्यारोप, चार साल से वेतन नहीं मिलने का आरोप
जलापूर्ति का समय तय करने के लिए समिति की बैठक बुलाने की मांग
बागबेड़ा के लोगों को नियमित और स्वच्छ पेयजल मिलने का इंतजार, स्थायी समाधान की मांग
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी में अनियमित जलापूर्ति को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। रविवार को पानी खोलने के निर्धारित समय को लेकर मुखिया और पंप ऑपरेटर के बीच शुरू हुआ विवाद सोमवार की सुबह उस समय और बढ़ गया, जब आक्रोशित कॉलोनीवासी बागबेड़ा स्थित फिल्टर पंप हाउस पहुंच गए। यहां ऑपरेटर राम सिंह और मुखिया राजकुमार गौड़ के बीच जमकर आरोप-प्रत्यारोप हुए। इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी जलापूर्ति व्यवस्था को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। लोगों का कहना था कि कॉलोनी में पानी की आपूर्ति नियमित रूप से नहीं होने के कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रविवार को निर्धारित समय से पहले पानी खोलने को लेकर शुरू हुआ विवाद अब पंचायत प्रतिनिधियों, ऑपरेटर और स्थानीय उपभोक्ताओं के बीच चर्चा का विषय बन गया है।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : साउथ वेस्ट माइनिंग लिमिटेड ने रोआम और शंखोंडीह में खोले सिलाई-कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र
बागबेड़ा में जलापूर्ति के समय को लेकर मुखिया और ऑपरेटर आमने-सामने
जानकारी के अनुसार, रविवार को शाम करीब तीन बजे ऑपरेटर राम सिंह ने पंप चालू कर सुबह और शाम दोनों समय पानी लेने वाले उपभोक्ताओं के लिए जलापूर्ति शुरू कर दी थी। ऑपरेटर का कहना था कि फिल्टर पंप हाउस में पानी भर चुका था और पंचायत प्रतिनिधियों की ओर से भी तीन बजे पानी सप्लाई करने की सूचना दी गई थी। वहीं मुखिया राजकुमार गौड़ ने उन्हें शाम चार बजे पानी खोलने का निर्देश दिया था। इसी समय के अंतर को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। ऑपरेटर राम सिंह का आरोप है कि पानी खोलने के बाद मुखिया ने फोन पर उनके साथ बदसलूकी की। साथ ही घर खाली करने, अगले दिन से काम पर नहीं आने और पंप हाउस की चाबी सौंपने की बात कही। राम सिंह के अनुसार, बिष्टुपुर स्थित फिल्टर पंप हाउस से पानी की आपूर्ति शुरू हो चुकी थी। यदि वह समय पर पानी नहीं खोलते तो पंप हाउस में पानी ओवरफ्लो होकर बहने लगता। इसी कारण उन्होंने दोपहर तीन बजे ही पंप चालू कर दिया।
इसे भी पढ़ें : Bahargoda : सांसद विद्युत वरण महतो की पहल पर 16 विद्यालयों में बनेंगे ओपन जिम, खंडामौदा से निर्माण शुरू
पंप ऑपरेटर का आरोप, पानी खोलने पर मुखिया ने फोन पर की बदसलूकी
इस पूरे विवाद के बीच पंप ऑपरेटर राम सिंह ने पिछले चार वर्षों से वेतन भुगतान नहीं होने का भी गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि चार वर्षों के दौरान उन्हें वेतन के रूप में महज 72 हजार रुपये का भुगतान किया गया है, जबकि लाखों रुपये अब भी बकाया हैं। उन्होंने अपनी आर्थिक परेशानी और लंबे समय से लंबित भुगतान का मुद्दा भी उठाया। दूसरी ओर, स्थानीय कॉलोनीवासियों का कहना है कि बागबेड़ा कॉलोनी में दो पंचायतें हैं और दोनों पंचायतों में ग्राम पेयजल एवं स्वच्छता समिति गठित है। ऐसे में जलापूर्ति से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय किसी एक व्यक्ति द्वारा अकेले नहीं लिए जाने चाहिए। पानी खोलने का समय निर्धारित करने के लिए समिति की बैठक बुलाकर सभी संबंधित पंचायत प्रतिनिधियों और ऑपरेटर की सहमति से समय-सारणी तय की जानी चाहिए। इससे आपसी विवाद और असमंजस की स्थिति समाप्त होगी तथा आम उपभोक्ताओं को नियमित जलापूर्ति मिल सकेगी।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा में मिर्गी रोगियों के लिए विशेष जांच शिविर, सैकड़ों मरीजों को मिला लाभ
चार साल से वेतन नहीं मिलने का ऑपरेटर ने लगाया आरोप, लाखों रुपये बकाया होने का दावा
फिलहाल, विवाद के बाद पंचायत प्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों के आग्रह पर ऑपरेटर राम सिंह ने सोमवार को जलापूर्ति की व्यवस्था निर्धारित समय के अनुसार संचालित की। उन्होंने सुबह की बेला का पानी दोपहर 12 बजे तथा शाम की बेला का पानी शाम चार बजे पंप चालू कर दोनों समय पानी लेने वाले उपभोक्ताओं तक पहुंचाया। इससे सोमवार को जलापूर्ति को लेकर तत्काल राहत मिली, लेकिन स्थायी समाधान को लेकर अब भी सवाल बने हुए हैं। गौरतलब है कि कॉलोनी में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने की मांग को लेकर पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, श्रवण मिश्रा एवं मुखिया प्रतिनिधि केडी मुंडा हाल ही में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग (पीएचईडी) के कार्यपालक अभियंता एसके दिनकर से मुलाकात कर मांग पत्र सौंप चुके हैं। प्रतिनिधियों ने कॉलोनी में पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग उठाई थी।
इसे भी पढ़ें : Muri/Silli : समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए महिलाएं आगे आएं – सुदेश महतो
बागबेड़ा में नियमित जलापूर्ति की मांग को लेकर पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता को सौंपा गया था ज्ञापन
फिल्टर पंप हाउस में हुए हंगामे के बाद अब कॉलोनीवासियों की निगाहें पंचायत प्रतिनिधियों और संबंधित विभाग पर टिकी हैं। स्थानीय लोगों की मांग है कि ग्राम पेयजल एवं स्वच्छता समिति की बैठक बुलाकर जलापूर्ति का स्थायी समय निर्धारित किया जाए। इसके साथ ही पंप ऑपरेटर और पंचायत प्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए, ताकि भविष्य में पानी खोलने के समय को लेकर इस तरह का विवाद दोबारा उत्पन्न न हो। कॉलोनीवासियों का कहना है कि पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा को लेकर राजनीति और आपसी विवाद के बजाय आम जनता की जरूरतों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग और पंचायत प्रतिनिधि कब तक इस समस्या का स्थायी समाधान निकालते हैं और कॉलोनीवासियों को नियमित समय पर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करते हैं।