Share

Gua : गुवा गुरुद्वारा में श्रद्धा और उल्लास के साथ मना गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाशोत्सव

  • कीर्तन, गुरु दरबार और कथा से भक्तिमय हुआ गुरुद्वारा परिसर
  • श्रद्धालुओं ने एक साथ बैठकर ग्रहण किया गुरु का अटूट लंगर
  • गुवा में प्रकाशोत्सव पर सेवा और भाईचारे की दिखी मिसाल

जेबी लाइव, रिपोर्टर

गुवा : गुवा स्थित गुरुद्वारा में मंगलवार को सिख धर्म के संस्थापक एवं प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाशोत्सव श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर पूरे गुरुद्वारा परिसर को फूलों, रंग-बिरंगी रोशनी और गुब्बारों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। सुबह से ही गुरुद्वारा में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। प्रकाशोत्सव के अवसर पर गुरुद्वारा के ग्रंथी दिलबाग सिंह ने विधिवत गुरु ग्रंथ साहिब का पाठ किया। इसके बाद कीर्तन, गुरु दरबार और कथा का आयोजन किया गया। भक्ति संगीत और गुरुवाणी से पूरा गुरुद्वारा परिसर भक्तिमय हो उठा। इस धार्मिक आयोजन में गुवा सहित आसपास के क्षेत्रों से सिख समुदाय के लोगों के अलावा अन्य धर्मों के श्रद्धालुओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इसे भी पढ़ें : Seraikela : झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा: सरायकेला-खरसावां में 49 परिवारों ने नए आवास में किया गृह प्रवेश

गुरु का अटूट लंगर बना आपसी भाईचारे और समानता का प्रतीक

प्रकाशोत्सव के अवसर पर गुरुद्वारा में गुरु का अटूट लंगर आयोजित किया गया। इसमें सभी धर्मों और समुदायों के श्रद्धालुओं ने एक साथ बैठकर प्रेमपूर्वक प्रसाद स्वरूप भोजन ग्रहण किया। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्यों ने बताया कि गुरु नानक देव जी के प्रकाशोत्सव पर धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन उनके आदर्शों और शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया। गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन में प्रेम, समानता, भाईचारे, सद्भाव और मानव सेवा का संदेश दिया था। उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज में भेदभाव मिटाने और आपसी एकता को मजबूत करने की प्रेरणा मिलती है। कमेटी ने श्रद्धालुओं से गुरु जी के विचारों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की।

इसे भी पढ़ें : Manoharpur : मनोहरपुर के तरतरा में 11 हजार वोल्ट की चपेट में आया 12 वर्षीय किशोर, गंभीर रूप से झुलसा

गुवा सेल के अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु हुए शामिल

कार्यक्रम में दिलबाग सिंह, कमलजीत सिंह, पुनीत सिंह, सुमित सिंह, मुकुंद बोसा, इकबाल सिंह, शीतल सिंह और इंद्रपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। वहीं, गुवा सेल के मुख्य महाप्रबंधक चंद्रभूषण कुमार, आरके सिन्हा, डॉ. सरकार, डॉ. टीसी आनंद एवं आरके बंगा ने भी गुरुद्वारा पहुंचकर प्रकाशोत्सव में भाग लिया और गुरु नानक देव जी के समक्ष मत्था टेका। सभी ने इस पावन अवसर पर गुरु जी के बताए मानवता, सेवा और सद्भाव के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, सेवा और भाईचारे का सुंदर वातावरण देखने को मिला।

Leave a Comment

Muri : वीर बुली महतो की 241वीं जयंती में शामिल होंगे राज्यपाल संतोष गंगवार, सोनाहातू में होगा भव्य आयोजन

1 दिसंबर को आयोजित होगा जयंती महोत्सव 12 किलोमीटर राष्ट्रीय युवा मैराथन के साथ खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे मुख्य

  • 1 दिसंबर को आयोजित होगा जयंती महोत्सव
  • 12 किलोमीटर राष्ट्रीय युवा मैराथन के साथ खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे मुख्य आकर्षण
  • 27 नवंबर को श्रद्धांजलि कार्यक्रम, 1 दिसंबर को 12 किलोमीटर मैराथन दौड़
  • वीर शहीदों की स्मृति में सोनाहातू में होगा मैराथन और सांस्कृतिक आयोजन

जेबी लाइव, रिपोर्टर

मुरी : स्वतंत्रता सेनानी वीर बुली महतो की 241वीं जयंती के अवसर पर आगामी 1 दिसंबर 2026, मंगलवार को सोनाहातू में भव्य जयंती महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसकी जानकारी जेएलकेएम के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष एवं युवा आंदोलनकारी देवेंद्र नाथ महतो ने दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में डुमरी विधायक डॉ. जयराम महतो, साहित्यकार एवं पूर्व सांसद शैलेन्द्र महतो सहित धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा, सिद्धो-कान्हू, नीलांबर-पीतांबर, शहीद शेख भिखारी और विनोद बिहारी महतो समेत झारखंड के अन्य महान शहीदों एवं आंदोलनकारियों के वंशजों को भी आमंत्रित किया गया है। आयोजकों के अनुसार, वीर बुली महतो ने 14 जून 1834 को वीरगति प्राप्त की थी। उनकी स्मृति और बलिदान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।

इसे भी पढ़ें : Gua : गुवा गुरुद्वारा में श्रद्धा और उल्लास के साथ मना गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाशोत्सव

सोनाहातू में वीर बुली महतो की जयंती पर जुटेंगे झारखंड के गणमान्य लोग

देवेंद्र नाथ महतो ने बताया कि जयंती महोत्सव के तहत 27 नवंबर 2026 को सोनाहातू स्थित वीर बुली महतो चौक पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वहीं, 1 दिसंबर को मुख्य जयंती समारोह के दौरान विभिन्न खेलकूद, मैराथन दौड़ और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। महोत्सव का प्रमुख आकर्षण 12 किलोमीटर की राष्ट्रीय युवा मैराथन दौड़ होगी, जो निर्मल महतो चौक, जाड़ेया से शुरू होकर वीर बुली महतो चौक, सोनाहातू तक पहुंचेगी। इसके अलावा महिलाओं के लिए 30 मीटर कुर्सी दौड़ और बोरा दौड़ प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। आयोजकों का कहना है कि इस आयोजन के माध्यम से नई पीढ़ी को झारखंड के स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों के संघर्ष, बलिदान तथा ऐतिहासिक योगदान से परिचित कराया जाएगा।

Seraikela : झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा: सरायकेला-खरसावां में 49 परिवारों ने नए आवास में किया गृह प्रवेश

17 से 24 नवंबर तक जिले के सभी नौ प्रखंडों में 726 लाभुक परिवारों को मिला पक्के मकान का तोहफा

  • 17 से 24 नवंबर तक जिले के सभी नौ प्रखंडों में 726 लाभुक परिवारों को मिला पक्के मकान का तोहफा
  • पौधा, बधाई पत्र और आवास की चाबी देकर किया गया स्वागत
  • आठ दिनों में 726 परिवारों के पक्के मकान का सपना हुआ साकार

जेबी लाइव, रिपोर्टर

सरायकेला : झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के तहत आयोजित गृह प्रवेश सप्ताह के दौरान सरायकेला-खरसावां जिले में आवास योजना के लाभुक परिवारों के लिए खुशियों का माहौल है। इस अभियान के तहत मंगलवार, 24 नवंबर को जिले के सभी नौ प्रखंडों में कुल 49 लाभुक परिवारों ने अपने नवनिर्मित पक्के आवास में गृह प्रवेश किया। इस अवसर पर लाभुक परिवारों को पौधा, बधाई पत्र और आवास की चाबी भेंटकर नए घर की शुभकामनाएं दी गईं। विभिन्न ग्राम पंचायतों में आयोजित गृह प्रवेश कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों की उपस्थिति में लाभुक परिवारों ने विधिवत अपने नए घर में प्रवेश किया। लंबे समय से पक्के मकान का सपना संजोए परिवारों के लिए यह अवसर विशेष खुशियां लेकर आया। अपने नए आशियाने में प्रवेश करते समय लाभुक परिवारों के चेहरों पर खुशी और संतोष देखने को मिला।

इसे भी पढ़ें : Manoharpur : मनोहरपुर के तरतरा में 11 हजार वोल्ट की चपेट में आया 12 वर्षीय किशोर, गंभीर रूप से झुलसा

झारखंड स्थापना दिवस पर आवास योजना के लाभुकों को मिला पक्के मकान का उपहार

24 नवंबर के प्रखंडवार आंकड़ों के अनुसार राजनगर में सर्वाधिक नौ लाभुक परिवारों ने गृह प्रवेश किया। इसके अलावा चांडिल में सात, सरायकेला में छह, खरसावां में छह, ईचागढ़ में पांच, कुकड़ू में पांच, गम्हरिया में चार, नीमडीह में चार तथा कुचाई में तीन परिवारों को नए आवास की सौगात मिली। इस प्रकार जिले के सभी नौ प्रखंडों में एक साथ गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित कर आवास योजना के लाभुकों को लाभान्वित किया गया। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों और पंचायत प्रतिनिधियों ने लाभुकों को नए घर के लिए बधाई देते हुए उनके सुखद एवं सुरक्षित भविष्य की कामना की। प्रशासन की ओर से गृह प्रवेश सप्ताह के माध्यम से अधिक से अधिक लाभुक परिवारों को उनके नवनिर्मित आवास में प्रवेश कराने का प्रयास किया जा रहा है।

इसे भी पढ़ें : Adityapur : आदित्यपुर में आपसी विवाद ने लिया हिंसक रूप, चाकूबाजी में दो लोग गंभीर रूप से घायल

राजनगर में सबसे अधिक परिवारों ने नए आवास में किया प्रवेश

गृह प्रवेश सप्ताह के तहत 17 नवंबर से 24 नवंबर 2026 तक जिले में कुल 726 लाभुक परिवारों का गृह प्रवेश संपन्न कराया जा चुका है। प्रखंडवार आंकड़ों के अनुसार चांडिल में 95, गम्हरिया में 73, ईचागढ़ में 76, खरसावां में 91, कुचाई में 59, कुकड़ू में 81, नीमडीह में 92, राजनगर में 89 तथा सरायकेला में 70 परिवारों ने अपने नवनिर्मित आवास में प्रवेश किया है। इस पहल का उद्देश्य आवास योजना के लाभुकों को पक्के मकान की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ उन्हें सुरक्षित, सम्मानजनक और बेहतर जीवन प्रदान करना है। गृह प्रवेश सप्ताह के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों का वर्षों पुराना पक्के घर का सपना साकार हो रहा है। जिला प्रशासन की यह पहल लाभुक परिवारों के जीवन में खुशियों का नया अध्याय जोड़ रही है।

Manoharpur : मनोहरपुर के तरतरा में 11 हजार वोल्ट की चपेट में आया 12 वर्षीय किशोर, गंभीर रूप से झुलसा

बकरी चराने के दौरान गीली जमीन में फैले करंट की चपेट में आया लक्ष्मी महतो बिजली विभाग से सुरक्षा व्यवस्था

  • बकरी चराने के दौरान गीली जमीन में फैले करंट की चपेट में आया लक्ष्मी महतो
  • बिजली विभाग से सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग
  • हाईटेंशन तार और अर्थिंग से ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा का खतरा

जेबी लाइव, रिपोर्टर

मनोहरपुर : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत तरतरा गांव में मंगलवार सुबह बिजली करंट की चपेट में आने से 12 वर्षीय किशोर लक्ष्मी महतो गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे में उसके दोनों पैर और दायां हाथ बुरी तरह झुलस गए। घायल किशोर को तत्काल मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, स्कूल में छुट्टी होने के कारण लक्ष्मी मंगलवार सुबह गांव के समीप बकरी चराने गया था। इसी दौरान वह एक पेड़ के पास गीली जमीन पर नंगे पैर बैठा हुआ था। बताया जाता है कि 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की अर्थिंग से जमीन में करंट फैल गया था, जिसकी चपेट में आने से किशोर झुलस गया। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।

इसे भी पढ़ें : Adityapur : आदित्यपुर में आपसी विवाद ने लिया हिंसक रूप, चाकूबाजी में दो लोग गंभीर रूप से घायल

मनोहरपुर में बिजली करंट की चपेट में आने से किशोर घायल

ग्रामीणों के अनुसार, मनोहरपुर पावर ग्रिड से रायकेरा और ढीपा पंचायत के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति के लिए 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन कोयल नदी के ऊपर से होकर गुजरती है। इसी लाइन की अर्थिंग व्यवस्था से जुड़े करंट के जमीन में फैलने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद गांव के लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के प्रति नाराजगी जताते हुए हाईटेंशन लाइन, अर्थिंग और अन्य विद्युत उपकरणों की तत्काल जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि विभाग को संभावित खतरे वाले स्थानों को चिह्नित कर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने चाहिए, ताकि ग्रामीणों और मवेशियों को ऐसी दुर्घटनाओं से बचाया जा सके। लोगों ने भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए बिजली विभाग से शीघ्र कार्रवाई की अपील की है।

Adityapur : आदित्यपुर में आपसी विवाद ने लिया हिंसक रूप, चाकूबाजी में दो लोग गंभीर रूप से घायल

आरआईटी थाना क्षेत्र के रोड नंबर चार स्थित रूई दुकान के पास आधी रात हुई वारदात सूचना के करीब आधे

  • आरआईटी थाना क्षेत्र के रोड नंबर चार स्थित रूई दुकान के पास आधी रात हुई वारदात
  • सूचना के करीब आधे घंटे बाद पहुंची पुलिस
  • आपसी विवाद में हिंसा की घटनाओं से इलाके में बढ़ी चिंता

जेबी लाइव, रिपोर्टर

आदित्यपुर : आदित्यपुर के आरआईटी थाना क्षेत्र अंतर्गत रोड नंबर चार में मंगलवार की रात करीब 11:30 बजे आपसी विवाद को लेकर चाकूबाजी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रोड नंबर चार स्थित एक रूई दुकान के पास दो व्यक्तियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। बताया जाता है कि इसी दौरान एक व्यक्ति ने दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद दूसरे व्यक्ति ने भी जवाबी हमला करते हुए उस पर चाकू से कई वार कर दिए। अचानक हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।

इसे भी पढ़ें : Gua : कार्तिक पूर्णिमा पर गुवा के कुसुम घाट कारो नदी में श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी

आदित्यपुर में देर रात आपसी विवाद के बाद मची अफरा-तफरी

घटना में दोनों व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने मामले की जानकारी आरआईटी थाना पुलिस को दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सूचना मिलने के करीब आधे घंटे बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद पुलिस ने दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। चाकूबाजी की वारदात किन परिस्थितियों में हुई और विवाद की असली वजह क्या थी, इसका फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। घायलों की पहचान और घटना में शामिल अन्य पहलुओं की जानकारी भी जुटाई जा रही है।

Gua : कार्तिक पूर्णिमा पर गुवा के कुसुम घाट कारो नदी में श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी

भोर से ही घाट पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, स्नान-दान और दीपदान कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की देव

  • भोर से ही घाट पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, स्नान-दान और दीपदान कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की
  • देव दीपावली पर दीपदान और पूजा-अर्चना का धार्मिक महत्व

जेबी लाइव, रिपोर्टर

गुवा : कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर गुवा के कुसुम घाट स्थित कारो नदी में मंगलवार सुबह श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भोर होते ही महिलाएं, पुरुष और बुजुर्ग बड़ी संख्या में घाट पहुंचने लगे। श्रद्धालुओं ने कारो नदी में आस्था की पवित्र डुबकी लगाकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद कुसुम घाट स्थित शिव मंदिर में भगवान शिव और भगवान विष्णु का दर्शन कर अपने परिवार की सुख-शांति, खुशहाली और समृद्धि की कामना की। इस दौरान मंदिर में पंडित प्रभात कुमार पाणिग्रही और मानस कुमार पाणिग्रही ने विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न कराई।

इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा के जामसोला चेकनाका पर 44 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान-दान का विशेष महत्व

कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली के रूप में भी मनाया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन पवित्र नदी में स्नान, दान और दीपदान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है तथा जीवन के कष्टों से मुक्ति मिलती है। इसी आस्था के साथ श्रद्धालुओं ने नदी में स्नान करने के बाद घाट पर दीप जलाए और पूजा-अर्चना की। पूरे कुसुम घाट का वातावरण भक्तिमय बना रहा। नदी किनारे जलते दीपों और श्रद्धालुओं की पूजा-अर्चना से घाट की छटा देखते ही बन रही थी। सुबह से लेकर दिन तक श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। कार्तिक पूर्णिमा के इस धार्मिक आयोजन में लोगों ने पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ भाग लिया।

Baharagoda : बहरागोड़ा के जामसोला चेकनाका पर 44 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

महिंद्रा जाइलो कार की डिक्की से बरामद हुए एक-एक किलो के 44 पैकेट ओडिशा से झारखंड के रास्ते बंगाल ले

  • महिंद्रा जाइलो कार की डिक्की से बरामद हुए एक-एक किलो के 44 पैकेट
  • ओडिशा से झारखंड के रास्ते बंगाल ले जाने की थी तैयारी
  • ओडिशा से बंगाल जा रही थी गांजे की खेप, बहरागोड़ा पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा

जेबी लाइव, रिपोर्टर

बहरागोड़ा : पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-49 स्थित जामसोला चेकनाका पर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर वाहन जांच के दौरान 44 किलो गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। घटना विगत रात्रि की है। पुलिस ने सफेद रंग की महिंद्रा जाइलो कार (OD 02Z 8532) की तलाशी ली, तो उसकी डिक्की से गांजा के कुल 44 पैकेट बरामद हुए। प्रत्येक पैकेट का वजन करीब एक किलोग्राम बताया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भावग्राही साहू और ध्रुव चरण बेहरा के रूप में हुई है। दोनों ओडिशा के संबलपुर जिले के नकटीडोल थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।

इसे भी पढ़ें : Manoharpur : मनोहरपुर के उरकिया में मकान पर गिरा विशाल आम का पेड़, बाल-बाल बचा परिवार

जामसोला चेकनाका पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कार से 44 किलो गांजा जब्त

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर झारखंड के रास्ते पश्चिम बंगाल पहुंचाने की फिराक में थे। इसी दौरान पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर वाहन जांच अभियान चलाकर उन्हें पकड़ लिया। पुलिस ने गांजा के साथ तस्करी में प्रयुक्त महिंद्रा जाइलो कार को भी जब्त कर लिया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सोमवार को दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

Leave a Comment

You cannot copy content of this page

Scroll to Top