- हाथियों के भय से रातभर जागकर पहरा दे रहे ग्रामीण
- भाजपा नेत्री सुशीला टोप्पो ने प्रभावित गांवों का दौरा कर मुआवजे और सुरक्षा की मांग की
- हाथियों के उत्पात पर रोक और प्रभावितों को मुआवजा देने की मांग तेज
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मनोहरपुर : पश्चिमी सिंहभूम जिले के आनंदपुर प्रखंड में पोड़ाहाट रिजर्व वनप्रक्षेत्र से सटे ग्रामीण इलाकों में जंगली हाथियों का उत्पात लगातार जारी है। पिछले एक सप्ताह से करीब 40-45 हाथियों का झुंड आधा दर्जन से अधिक गांवों में घूमकर घरों और फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है। हाथियों ने बिंजो, चिरुमाठा, चारबंदिया, छटाडांड, सदबामड़ी, कोलबमड़ी, भालडुंगरी और सारगिडीह गांवों में कई घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया है। इसके अलावा साग-सब्जी सहित अन्य फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचाया है। ग्रामीणों के अनुसार, रात होते ही हाथियों का झुंड गांवों में प्रवेश कर जाता है, जिससे लोगों के सामने जान-माल की सुरक्षा का खतरा बना हुआ है। हाथियों के डर से ग्रामीण रातभर जागकर पहरा देने को मजबूर हैं। लोगों ने वन विभाग से तत्काल सुरक्षा व्यवस्था करने और नुकसान की भरपाई के लिए उचित मुआवजा देने की मांग की है।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : छह माह की गर्भवती पत्नी की हथौड़े से हत्या करने वाले पति को आजीवन कारावास
आनंदपुर के गांवों में हाथियों का आतंक, रातभर जागकर घर और फसल बचा रहे ग्रामीण
हाथियों के लगातार उत्पात से प्रभावित परिवारों की परेशानी को देखते हुए भाजपा नेत्री सुशीला टोप्पो ने शुक्रवार को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और हाथियों द्वारा क्षतिग्रस्त किए गए घरों तथा बर्बाद हुई फसलों की जानकारी ली। ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि पिछले कई दिनों से हाथियों का झुंड लगातार गांवों के आसपास घूम रहा है। रात के समय हाथियों के गांव में घुसने से लोग अपने घरों में भी सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रहे हैं। खेती पर निर्भर परिवारों के सामने फसल बर्बाद होने से आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। सुशीला टोप्पो ने पीड़ित परिवारों को भरोसा दिलाया कि नुकसान की भरपाई के लिए वन विभाग और प्रशासन के समक्ष उचित मुआवजे का मामला उठाया जाएगा। उन्होंने प्रभावित ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीर बताते हुए संबंधित अधिकारियों से शीघ्र पहल करने की मांग की।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : नीमडीह में उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, चार अवैध शराब भट्टियां ध्वस्त
भाजपा नेत्री सुशीला टोप्पो ने हाथी प्रभावित गांवों का किया दौरा, पीड़ितों को दिया भरोसा
सुशीला टोप्पो ने वन विभाग से मांग की कि हाथियों के झुंड को गांवों से दूर रखने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं तथा प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को हर रात हाथियों के भय में गुजारनी पड़ रही है। ऐसे में वन विभाग की जिम्मेदारी है कि समय रहते आवश्यक व्यवस्था कर ग्रामीणों की जान-माल की रक्षा करे। साथ ही जिन परिवारों के घर क्षतिग्रस्त हुए हैं और जिन किसानों की फसलें बर्बाद हुई हैं, उन्हें नियमानुसार जल्द मुआवजा दिया जाए। ग्रामीणों ने भी प्रशासन और वन विभाग से हाथियों की आवाजाही पर निगरानी रखने तथा आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की अपील की है। लगातार जारी इस उत्पात से क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है और वे जल्द राहत मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।






















