- प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरविंद कुमार पांडेय के नेतृत्व में हुआ आयोजन
- न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों को अपनाने का संकल्प
- 26 नवंबर 1949 को अपनाया गया था भारतीय संविधान, 2015 से मनाया जा रहा संविधान दिवस
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), जमशेदपुर के तत्वावधान में गुरुवार, 26 नवंबर को व्यवहार न्यायालय परिसर में संविधान दिवस मनाया गया। प्राधिकार के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरविंद कुमार पांडेय के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में न्यायिक पदाधिकारियों सहित सैकड़ों लोगों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया और संवैधानिक मूल्यों के संरक्षण की शपथ ली। कार्यक्रम में व्यवहार न्यायालय के सभी न्यायिक पदाधिकारी, डालसा सचिव, लीगल एड डिफेंस काउंसिल के सदस्य, पैनल अधिवक्ता और कोर्ट स्टाफ शामिल हुए। इस अवसर पर जिला जज अरविंद कुमार पांडेय ने कहा कि प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाने का उद्देश्य नागरिकों को संविधान के महत्व और उसके मूल आदर्शों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व भारतीय संविधान के प्रमुख मूल्य हैं। इन मूल्यों के साथ नागरिकों को अपने मौलिक कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहना चाहिए। उन्होंने सभी से संवैधानिक आदर्शों को अपने व्यवहार और कार्यों में अपनाने का आह्वान किया।
इसे भी पढ़ें : Muri : सुरसू घाटी में अनियंत्रित हाईवा गड्ढे में पलटा, 26 वर्षीय युवक की मौके पर मौत
न्यायिक पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं ने लिया संवैधानिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प
जिला जज ने संविधान निर्माण के ऐतिहासिक सफर की जानकारी देते हुए बताया कि संविधान सभा ने 26 नवंबर 1949 को भारतीय संविधान को औपचारिक रूप से अपनाया था। संविधान को तैयार करने में 2 वर्ष, 11 माह और 18 दिन का समय लगा था। हालांकि, इसे पूरे देश में 26 जनवरी 1950 से लागू किया गया। उन्होंने बताया कि भारत सरकार ने वर्ष 2015 में डॉ. भीमराव आंबेडकर की 125वीं जयंती के अवसर पर 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की थी। इससे पहले इस दिन को राष्ट्रीय कानून दिवस के रूप में मनाया जाता था। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था, नागरिक अधिकारों और कर्तव्यों को समझने तथा उनका सम्मान करने का अवसर है। कार्यक्रम के माध्यम से उपस्थित लोगों ने संविधान की गरिमा बनाए रखने और उसके आदर्शों के अनुरूप समाज में न्याय एवं समानता स्थापित करने का संकल्प लिया।






















