बूथ स्तर पर रणनीति और कार्यकर्ताओं की एकजुटता बनी चुनावी चर्चा का केंद्र
जेबी लाइव,रिपोर्टर
रांची स्थित मुख्यमंत्री सह झामुमो के केंद्रीय अध्यक्ष माननीय श्री हेमंत सोरेन जी के आवासीय कार्यालय में घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर शनिवार को एक महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक आयोजित हुई। बैठक में उपचुनाव को पूरी गंभीरता से लेते हुए बूथ स्तर पर मजबूत संगठन खड़ा करने और हर मतदाता तक पहुँचने की ठोस व्यवस्था बनाने पर विशेष बल दिया गया।
बैठक के दौरान वक्ताओं ने कहा कि यदि इस चुनाव में विरोधी दल को पराजित करना है तो दोगुनी मेहनत करनी होगी। विशेष रूप से हर मतदाता को मतदान केंद्र तक पहुँचाने के लिए ठोस और कारगर रणनीति बनाने पर सहमति बनी। मुख्यमंत्री सह केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन जी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि –
“इस उपचुनाव में झामुमो प्रत्याशी की जीत ही स्व. रामदास सोरेन जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।”
बैठक में उपस्थित सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कोशिश और मेहनत करने का संकल्प लिया।

बैठक में केंद्रीय महासचिव विनोद पांडे, बहरागोड़ा विधायक समीर कुमार महंती, पोटका विधायक संजीव सरदार, जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी, घाटशिला के पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू, स्व. रामदास सोरेन जी के सुपुत्र श्री सोमेश चन्द्र सोरेन, जिला प्रमुख बागराय मार्डी, पूर्व जिला उपाध्यक्ष सागन पूर्ति, पूर्व जिला युवा उपाध्यक्ष विक्टर सोरेन, पूर्व जिला कोषाध्यक्ष कालीपद गोराई, पूर्व केंद्रीय सदस्य कान्हु सामंत, मुसाबनी प्रखण्ड अध्यक्ष प्रधान सोरेन, घाटशिला प्रखण्ड अध्यक्ष दुर्गा चरण मुर्मू, गुड़बंदा प्रखण्ड अध्यक्ष सुराय टुडू और धालभूमगढ़ प्रखण्ड अध्यक्ष अर्जुन चंद्र हांसदा सहित कई प्रखंड स्तरीय कार्यकर्ताओ पदाधिकारियों की भी सक्रिय भागीदारी रही।

























