- रामदास सोरेन के निधन से खाली हुई सीट पर होगा मतदान, जिला प्रशासन ने शुरू की तैयारियां
- शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने कसी कमर
जेबी लाइव, रिपोर्टर
झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले की घाटशिला विधानसभा सीट पर उपचुनाव की तारीख का ऐलान हो गया है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने नई दिल्ली के विज्ञान भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि घाटशिला उपचुनाव 11 नवंबर 2025 को होगा। मतदान बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के साथ आयोजित किया जाएगा। ज्ञात हो कि 15 अगस्त 2025 को विधायक रामदास सोरेन के निधन के बाद यह सीट खाली हो गई थी। इस उपचुनाव के माध्यम से घाटशिला को नया प्रतिनिधि मिलेगा। निर्वाचन आयोग ने बताया कि 14 नवंबर को मतगणना की जाएगी। घाटशिला के अलावा देश के सात अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी उपचुनाव इसी तारीख को होंगे, जिनमें जम्मू-कश्मीर के बडगाम और नगरोटा, राजस्थान का अंत, पंजाब का तरनतारन, मिज़ोरम का डम्पा, ओडिशा का नुआपाड़ा और तेलंगाना का जूबली हिल्स शामिल हैं।
इसे भी पढ़ें : Patna : बिहार चुनाव में सुरक्षा का अभेद्य घेरा : 500 से अधिक CAPF कंपनियां होंगी तैनात
घाटशिला समेत देशभर की 8 विधानसभा सीटों पर होगा उपचुनाव
पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी है ताकि सभी योग्य मतदाता मतदान में भाग ले सकें। प्रशासन ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों की समीक्षा और सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है। पुलिस और जिला चुनाव अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और निष्पक्ष माहौल में संपन्न हो। आयोग के निर्देश के अनुसार, सुरक्षा बलों की तैनाती और लॉजिस्टिक व्यवस्था की तैयारी भी शुरू कर दी गई है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि घाटशिला में इस बार शांतिपूर्ण और पारदर्शी उपचुनाव कराने का पूरा प्रयास रहेगा।
























