- कदमा थाना क्षेत्र में रात में हुई पुलिस छापेमारी, लोडेड देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद
जेबी लाइव, रिपोर्टर
कदमा थाना क्षेत्र के उलियान निर्मल महतो मैदान में रविवार रात पुलिस ने छापेमारी कर हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान भाटिया बस्ती अशोक पथ निवासी मनीष सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान मनीष अपने साथी भानु माझी के साथ मौजूद था, लेकिन भानु मौके से भागने में सफल रहा। पुलिस ने मनीष के पास से एक लोडेड देशी ऑटो पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि दोनों किसी आपराधिक वारदात की योजना बना रहे थे।
इसे भी पढ़ें : Gumla : जमीन बचाओ आंदोलन का नेतृत्व कर बोले देवेंद्र नाथ महतो, जान देंगे लेकिन जमीन नहीं लूटने देंगे
सूचना के आधार पर पुलिस ने की छापामारी
कदमा पुलिस की टीम को सूचना मिली थी कि मैदान में कुछ संदिग्ध युवक हथियार के साथ मौजूद हैं। सूचना मिलते ही रात करीब 9.30 बजे एएसआई प्रवेश चंद्र सिन्हा के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और छापेमारी की। पकड़े गए मनीष से पूछताछ जारी है, जबकि फरार आरोपी भानु माझी की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। एएसआई के बयान पर दोनों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार युवक को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी किसी गिरोह से जुड़ा है या नहीं।
























