- उलीडीह थाना पुलिस ने शहर से ही दबोचा आरोपी, कई थानों में दर्ज हैं आपराधिक मामले
जेबी लाइव, रिपोर्टर
उलीडीह थाना क्षेत्र के डिमना रोड स्थित संजय पथ पर तड़ीपार गुड्डू पांडेय के घर पर दोनों हाथों से फायरिंग करने वाले आरोपी टेका चौधरी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मंगलवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। एसएसपी पीयूष पांडेय ने प्रेसवार्ता में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि टेका चौधरी को गुप्त सूचना के आधार पर शहर से ही गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसके पास से एक हथियार भी बरामद किया है। फायरिंग की यह घटना 5 सितंबर की शाम करीब 5.50 बजे हुई थी, जिसके बाद टेका फरार हो गया था। घटना के दौरान टेका अपने साथी के साथ बाइक पर आया था। साथी बाइक चलाकर लाया था, जो अब भी फरार है। घटना के वक्त टेका ने पहले कॉल बेल बजाई और फिर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखा बरामद किया था।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : उलियान निर्मल महतो मैदान से पुलिस ने हथियार के साथ एक युवक को दबोचा, दूसरा फरार
आरोपी के खिलाफ कई थानों में हैं आपराधिक मामले दर्ज
गिरफ्तार आरोपी टेका चौधरी के खिलाफ पहले से कई थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं। उस पर मानगो और एमजीएम थाने में आर्म्स एक्ट के मामले लंबित हैं, जबकि दुमका के जरमुंडी थाने में भी उसका नाम आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज है। पुलिस के अनुसार, टेका अमरनाथ हत्याकांड में भी जेल जा चुका है और फिलहाल जमानत पर बाहर था। वह आस्था स्पेश टाउन का रहने वाला है। छापेमारी टीम में पटमदा डीएसपी वचनदेव कुजूर, उलीडीह ओपी प्रभारी दीपक कुमार, एसआई रविंद्र पांडेय, विजय कुमार और एएसआई बीरबल उरांव शामिल थे। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर मामले का पूरा पर्दाफाश किया जाएगा।
























