- वार्षिक उत्सव में विधायक सोमेश सोरेन ने दिखाया शैक्षिक भविष्य का मार्ग
- शंखनाद 2.0 बना शैक्षिक चेतना और संकल्प का प्रतीक
जेबी लाइव, रिपोर्टर
घाटशिला : कीताडीह स्थित सोनादेवी विश्वविद्यालय में आयोजित वार्षिक उत्सव “शंखनाद 2.0” केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि क्षेत्र में शिक्षा की नई क्रांति का उद्घोष बनकर उभरा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विधायक सोमेश चन्द्र सोरेन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा को समाज के विकास की आधारशिला बताया। उन्होंने प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर यह संदेश दिया कि प्रतिभा का सम्मान ही किसी भी राष्ट्र और समाज की वास्तविक पूंजी होती है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों का उत्साह और ऊर्जा भविष्य की संभावनाओं को स्पष्ट रूप से दर्शा रही थी।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में शिक्षा, संवाद और सतर्कता का प्रेरक संगम
पूर्व विधायक रामदास सोरेन के स्वप्न को साकार करने का लिया संकल्प
अपने संबोधन में विधायक सोमेश सोरेन ने अपने दिवंगत बाबा एवं पूर्व विधायक रामदास सोरेन के उस स्वप्न को साझा किया, जिसमें घाटशिला को एक मजबूत एजुकेशन हब के रूप में विकसित करने की परिकल्पना की गई थी। डिग्री कॉलेज, कृषि विश्वविद्यालय, तकनीकी संस्थान और जनजातीय विश्वविद्यालय की नींव उसी दूरदृष्टि का परिणाम रही है। विधायक ने उस अधूरे स्वप्न को पूर्ण करने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही क्षेत्र का समग्र विकास संभव है और युवाओं को अपने ही क्षेत्र में बेहतर अवसर मिलेंगे।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : नामोलेपो फुटबॉल टीम को विधायक सोमेश सोरेन के सौजन्य से जर्सी शेड वितरण
स्थानीय विद्यार्थियों के लिए वरदान बना सोनादेवी विश्वविद्यालय
विधायक ने सोनादेवी विश्वविद्यालय को स्थानीय विद्यार्थियों के लिए “वरदान” बताते हुए कहा कि अब उच्च शिक्षा के लिए बच्चों को दूसरे राज्यों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा। यह शिक्षा के विकेंद्रीकरण और सामाजिक न्याय की दिशा में एक सशक्त कदम है। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रबंधन के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य के आयोजनों के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि जगदीश भकत, प्रखण्ड अध्यक्ष दुर्गा चरण मुर्मू, काजल डॉन, सुशील मार्डी, अम्पा हेंब्रम, सुजय सिंह, सुखलाल हांसदा, सौरभ बोस, अंकुर कवाड़ी सहित झामुमो के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
























