- फर्नेस सेक्शन में धमाके से फैली दहशत, मजदूरों की सुरक्षा पर सवाल
- शिल्पांचल क्षेत्र में जोरदार धमाके, लोग सन्न और भयभीत
जेबी लाइव, रिपोर्टर
खड़गपुर : पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर ग्रामीण अंतर्गत शिल्पांचल क्षेत्र मंगलवार अपरान्ह करीब चार बजे दहशत में डूब गया, जब एक के बाद एक चार भीषण विस्फोटों की आवाज़ से पूरा इलाका कांप उठा। धमाकों की गूंज इतनी तीव्र थी कि राष्ट्रीय राजमार्ग से लेकर रिहायशी इलाके तक अफरा-तफरी मच गई। शिल्पांचल में रहने वाले लोग ऐसे हादसों के अभ्यस्त हैं, लेकिन इस बार धमाकों की तीव्रता ने सभी को सन्न कर दिया। कुछ ही देर में शहरभर में हताहतों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : यूक्रेन-रूस युद्ध और परमाणु संकट : जय प्रकाश पांडेय ने जताई चिंता
रश्मि मेटलिक्स-1 फर्नेस सेक्शन में हुआ हादसा, मजदूर समय पर सुरक्षित बाहर निकले
सूत्रों के अनुसार यह हादसा रश्मि मेटलिक्स-1 के एसएमएस फर्नेस सेक्शन में हुआ, जहां लोहा गलाने का कार्य किया जाता है। फैक्ट्री में कुल चार फर्नेस हैं। किसी संभावित लीकेज का अंदेशा होते ही वहां कार्यरत मजदूर समय रहते फर्नेस क्षेत्र से बाहर निकल गए। इसके कुछ ही पलों बाद जोरदार धमाके हुए, जिससे एक बड़े हादसे की आशंका गहराने लगी। हालांकि, आधिकारिक रूप से किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है। खड़गपुर प्रदूषण विरोधी कमेटी के सचिव अनिल दास ने घटना पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मजदूरों की सुरक्षा के सवाल को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : जादूगोड़ा के लुग मुर्मू आदिवासी आवासीय विद्यालय में डिजिटल शिक्षा लैब का उद्घाटन
फैक्ट्री प्रबंधन ने कहा ‘स्वाभाविक प्रक्रिया’, स्थानीय लोग चिंतित
घटना के बाद पूरे शिल्पांचल क्षेत्र में भय का माहौल रहा। धुएं के घने गुबार ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया, वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मची। फैक्ट्री प्रबंधन ने केवल कहा कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ और इसे “स्वाभाविक प्रक्रिया” बताया। लेकिन बार-बार होने वाले धमाके स्थानीय लोगों में डर बढ़ा रहे हैं और वे सवाल कर रहे हैं कि क्या यह वाकई स्वाभाविक है या किसी बड़े हादसे की चेतावनी? शिल्पांचल के लोग अब सुरक्षा और प्रदूषण के मुद्दों पर गंभीर चिंता में हैं।
























