- राज्यपाल संतोष गंगवार ने छात्रों को किया प्रेरित, सामाजिक दायित्व पर दिया जोर
- राज्यपाल के हाथों मेधावियों को मिल सम्मान
जेबी लाइव, रिपोर्टर
आदित्यपुर : आदित्यपुर स्थित श्रीनाथ यूनिवर्सिटी में बुधवार को भव्य दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह के दौरान विभिन्न संकायों के 44 मेधावी विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल प्रदान किए गए, जबकि लगभग 500 छात्रों को उनकी डिग्रियां दी गईं। अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि विश्वविद्यालयों की भूमिका केवल शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें समाज और उद्योग के बीच सेतु बनकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर को एक औद्योगिक चेतना के प्रतीक के रूप में विकसित करने में शैक्षणिक संस्थानों का बड़ा योगदान हो सकता है। जमशेद जी टाटा का उदाहरण देते हुए उन्होंने उद्योग को सामाजिक और आर्थिक विकास का आधार बताया।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : ओडिशा के युवक की बहरागोड़ा में मौत, परिजनों ने शव लेने से किया इनकार
गांव गोद लेने और कौशल विकास पर दिया बल
राज्यपाल संतोष गंगवार ने विश्वविद्यालय प्रबंधन से आग्रह किया कि वे आसपास के गांवों को गोद लेकर शिक्षा और विकास के नए अवसर सृजित करें। उन्होंने गरीब एवं वंचित वर्ग के विद्यार्थियों को निशुल्क शिक्षा देने तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे कौशल विकास और नवाचार अभियानों से जुड़ने की अपील की। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि विधायक सविता महतो ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार पाना नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बनना भी है। समारोह में उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत, कुलाधिपति सुखदेव महतो सहित प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
























