- गंगाडीह पंचायत भवन में महिलाओं को दी गई साइबर सुरक्षा की जानकारी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : प्रखंड के गंगाडीह पंचायत भवन में महिलाओं के लिए विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शहर ही नहीं, अब ग्रामीण इलाकों में भी साइबर अपराध तेजी से पैर पसार रहा है, जहां भोले-भाले ग्रामीण ठगों के झांसे में आकर लाखों रुपये गंवा बैठते हैं। इसी खतरे को देखते हुए साइबर थाना ने साइबर पीस संस्था के सहयोग से यह कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें साइबर थाना प्रभारी श्रीनिवास कुमार, इंस्पेक्टर कुणाल राजा, कोवाली थाना प्रभारी धनंजय कुमार पासवान, जोनल कोऑर्डिनेटर तारक दास और आस्था तिवारी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में गांव की महिलाओं ने युवा संस्था की चांदनी सवैया के साथ भाग लिया।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : कपाली ओपी क्षेत्र में छीनतई की घटनाएं बढ़ीं, CCTV में कैद हुई वारदात
ग्रामीण महिलाओं को साइबर सुरक्षा की दी गई ट्रेनिंग
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को मोबाइल कॉल, फर्जी लिंक, ओटीपी, सरकारी योजना के नाम पर होने वाली ठगी और बैंकिंग फ्रॉड से बचाव के उपाय बताए गए। महिलाओं ने अपनी जिज्ञासाएं साझा कीं और साइबर अपराध से सुरक्षित रहने के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। साइबर थाना प्रभारी श्रीनिवास कुमार ने कहा कि आज के समय में साइबर अपराध का दायरा बहुत बड़ा हो गया है। ठग सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर सीधे-साधे ग्रामीणों को निशाना बना रहे हैं, ऐसे में सतर्कता बेहद जरूरी है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : गोविंदपुर फायरिंग मामले में फरार अपराधी बृजेश कुमार कामत गिरफ्तार
सतर्कता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे बड़ा उपाय
साइबर पीस संस्था के तारक दास ने बताया कि पूरे जिले में गांव-गांव जाकर लोगों को साइबर अपराध के प्रति जागरूक किया जा रहा है ताकि ठगी की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। वहीं कोवाली थाना प्रभारी धनंजय कुमार पासवान ने कहा कि लगातार जागरूकता अभियान और बैठकों के माध्यम से साइबर अपराध रोकने का प्रयास किया जा रहा है। इसका असर भी दिख रहा है और कई साइबर ठगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। इस कार्यक्रम ने ग्रामीणों में जागरूकता की नई लहर पैदा की है।
























