- क्वार्टर का ताला तोड़कर चोरों ने दी वारदात को अंजाम
- पुलिस ने दर्ज किया मामला, सीसीटीवी फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : गोविंदपुर थाना क्षेत्र के पटेलनगर रोड नंबर-4 स्थित क्वार्टर नंबर-14 में बीती रात अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। लाफार्ज कंपनी में ठेकाकर्मी के रूप में कार्यरत कृष्णा प्रसाद के घर का ताला तोड़कर चोरों ने नकद रुपये समेत करीब तीन लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। जानकारी के अनुसार, मंगलवार की रात कृष्णा प्रसाद अपने भाई योगेंद्र प्रसाद और दोनों परिवारों के साथ दूसरे तल्ले पर सो रहे थे। इसी दौरान चोरों ने मौका पाकर मेन गेट का ताला तोड़ा और सीधे पहले तल्ले में स्थित कृष्णा प्रसाद के हिस्से में पहुंचकर सभी कमरों को खंगाल डाला। अलमीरा का लॉकर तोड़कर नकद और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया गया।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : शहीद निर्मल महतो जयंती पर मुर्गाघुटू पंचायत में रक्तदान शिविर, 36 यूनिट रक्त संग्रह
रात के सन्नाटे में चोरों ने क्वार्टर को बनाया निशाना
घटना का खुलासा बुधवार तड़के करीब चार बजे हुआ, जब कृष्णा प्रसाद की पत्नी तीसरे तल्ले से नीचे पहले तल्ले में पहुंची। वहां उन्होंने मेन गेट का ताला टूटा देखा और शोर मचाया। इसके बाद पूरे परिवार को चोरी की जानकारी हुई। बताया गया कि चोरों ने बेहद सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया और परिवार के सोने का फायदा उठाया। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : सर्कस मैदान की बदहाली बनी चिंता का विषय, गंदगी से बिगड़ रही घाटशिला की छवि
ताला टूटा देख परिवार में मचा हड़कंप, इलाके में दहशत
घटना की सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घर का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके। पीड़ित कृष्णा प्रसाद के बयान पर गोविंदपुर थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं, कृष्णा के भाई योगेंद्र प्रसाद, जो टाटा मोटर्स में ठेकाकर्मी हैं, ने बताया कि रात में सभी लोग एक साथ सो रहे थे, इसी का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही अपराधियों को पकड़ने का दावा किया जा रहा है।
























