- खुद को दिल्ली से आया अधिकारी बताकर दुकानों से पैसे ऐंठने की कर रहा था कोशिश, भीड़ ने पकड़ा
- पुलिस की अपील—फर्जी अधिकारियों से रहें सावधान
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : मानगो के आजाद नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत जवाहर नगर रोड नंबर 16 के पास शुक्रवार की शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक खुद को GST विभाग का अधिकारी बताकर दुकानों में वसूली करने पहुंच गया। स्थानीय दुकानदारों के मुताबिक युवक खुद को दिल्ली से विशेष जांच के लिए भेजा गया GST अधिकारी बता रहा था। वह दुकान-दुकान जाकर कह रहा था कि इलाके के अधिकांश दुकानदारों का GST अपडेट नहीं है और तत्काल जुर्माना भरना होगा, नहीं तो दुकान सील कर दी जाएगी। उसकी धमकी भरी भाषा से कई दुकानदार घबरा गए और कुछ देर के लिए भ्रम की स्थिति बन गई।
इसे भी पढ़ें : Musabani : पेसा एक्ट 1996 की मंजूरी पर मुसाबनी में जश्न, ग्राम प्रधानों ने सीएम हेमंत सोरेन को दी बधाई
फर्जी अधिकारी बनकर ठगी करने के नए तरीके से सतर्क रहें
हालांकि जब युवक ने अलग-अलग दुकानों से मनमानी रकम की मांग शुरू की तो कुछ दुकानदारों को शक हुआ। आपस में बातचीत के बाद दुकानदारों ने उससे पहचान पत्र, विभागीय दस्तावेज और नियुक्ति पत्र दिखाने की मांग की। आरोप है कि इस पर युवक हड़बड़ा गया और कोई भी वैध कागजात पेश नहीं कर सका। उसकी बातों में विरोधाभास साफ नजर आने लगा। धीरे-धीरे दुकानदारों और स्थानीय लोगों का गुस्सा बढ़ गया और उन्होंने युवक को मौके पर ही पकड़ लिया। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पूछताछ नहीं की जाती तो कई दुकानदार ठगी का शिकार हो सकते थे।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : पेसा कानून की ऐतिहासिक मंजूरी पर झामुमो का भव्य धन्यवाद कार्यक्रम, सरायकेला में उत्सव का माहौल
दुकानदारों की सतर्कता से टली बड़ी ठगी की वारदात
घटना की सूचना मिलते ही आजाद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ से युवक को सुरक्षित अपने कब्जे में लेकर थाना ले गई। पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है कि उसने अब तक किन-किन दुकानों से वसूली की कोशिश की और क्या वह किसी गिरोह के संपर्क में है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में इस तरह के फर्जी सरकारी अधिकारी बनकर ठगी करने की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे आम लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अधिकारी से संबंधित कार्रवाई से पहले उसके आधिकारिक दस्तावेजों की जांच जरूर करें।
























