- टेल्को सी-2 तालाब के पास से 7.97 ग्राम ब्राउन शुगर, बाइक और मोबाइल जब्त
- ऑपरेशन प्रहार से नशा तस्करों में हड़कंप
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : पुलिस ने जिले में मादक पदार्थों और नशे के कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। टेल्को थाना क्षेत्र के सी-2 तालाब के पास पुलिस ने एक शातिर अपराधी को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के पास से 7.97 ग्राम ब्राउन शुगर, एक मोबाइल फोन और ब्लैक कलर की स्प्लेंडर बाइक बरामद की गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार 25 दिसंबर की रात करीब 8 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि बर्मामाइंस से एक युवक बाइक से ब्राउन शुगर की बिक्री करने के लिए टेल्को सी-2 तालाब की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस गश्ती दल को सक्रिय किया गया और टैंगो-36 के जवानों के साथ विशेष टीम गठित की गई।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : मानगो में नकली GST अफसर बनकर वसूली, दुकानदारों की सतर्कता से खुला फर्जीवाड़ा
पुलिस टीम ने तार कंपनी गोलचक्कर के पास युवक को रुकने का इशारा किया, लेकिन वह तेज गति से बाइक लेकर भागने लगा। सशस्त्र बल की मदद से पुलिस ने उसे खदेड़कर पकड़ लिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम धीरज पाल उर्फ लल्ले बताया, जो रेलवे कैरेज कॉलोनी का निवासी है। तलाशी के दौरान उसके पास से 40 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ बर्मामाइंस, बिरसानगर और टाटानगर रेल थाना में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। शुक्रवार को आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।
























