- इस्लामनगर वार्ड 13 से 14 वर्षीय छात्र का शव बरामद, पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल
- मासूम की मौत के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
सरायकेला : कपाली क्षेत्र के इस्लामनगर वार्ड संख्या 13 से शनिवार को एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को गहरे शोक में डुबो दिया। दो दिनों से लापता 14 वर्षीय छात्र एमडी साबिर (MD Sabir) का शव बरामद होने की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बावनगोड़ा स्थित कबीरिया स्कूल में पढ़ने वाले आठवीं कक्षा के छात्र के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, एमडी साबिर 25 दिसंबर से रहस्यमय तरीके से लापता था। शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। हर किसी की आंखें नम थीं और माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जुगसलाई में दर्दनाक सड़क हादसा, बाइक दुर्घटना में दो युवकों की मौत
मृतक के पिता एमडी समीर (MD Samir) ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि बेटे के लापता होने के बाद 26 दिसंबर को थाने में लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। पिता का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई होती, तो शायद आज उनका बेटा जिंदा होता। बेटे का शव मिलने की सूचना मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां बदहवास हालत में हैं, जबकि पिता बार-बार यही सवाल कर रहे हैं कि उनके मासूम बेटे के साथ ऐसा क्यों हुआ। उन्होंने कहा, “हम मेहनत-मजदूरी कर अपने बच्चे को पढ़ा रहे थे, उसका भविष्य संवारने का सपना देखा था। अब सब कुछ खत्म हो गया, हमें सिर्फ न्याय चाहिए।”
इसे भी पढ़ें : Silli : आजसू की नीति से प्रभावित होकर कई दलों के नेताओं ने थामा पार्टी का दामन
घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की लापरवाही इस दर्दनाक घटना की बड़ी वजह हो सकती है। लोगों ने निष्पक्ष जांच, दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। यह हत्या है, दुर्घटना या किसी साजिश का हिस्सा—इन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की तत्परता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
























