- सुरक्षा प्रोटोकॉल तोड़कर आकाशवाणी चौक पर लोगों के बीच पहुँचीं राष्ट्रपति
जेबी लाइव, रिपोर्टर
आदित्यपुर : आदित्यपुर स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (NIT) जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह में शामिल होने पहुँचीं देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक बार फिर अपनी सादगी और जनता से जुड़ाव का परिचय दिया। दीक्षांत समारोह के समापन के बाद जब राष्ट्रपति का काफिला लौट रहा था, तभी आकाशवाणी चौक के पास एक भावुक दृश्य देखने को मिला। राष्ट्रपति की एक झलक पाने के लिए स्थानीय लोग कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और बैरिकेडिंग के पीछे घंटों से खड़े थे। जनसैलाब का उत्साह देखकर राष्ट्रपति स्वयं को रोक नहीं सकीं और अचानक काफिला रुकवाकर वाहन से उतरकर लोगों के बीच पहुँच गईं।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : नए साल पर जमशेदपुर में नो एंट्री लागू, भारी वाहनों पर लगेगी रोक
NIT जमशेदपुर का 15वां दीक्षांत समारोह बना यादगार

राष्ट्रपति को अपने बीच पाकर लोगों का उत्साह चरम पर पहुँच गया। ‘भारत माता की जय’ और स्वागत नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और आत्मीयता के साथ सभी से मिलीं। इसके बाद खरकाई पुल की ओर जाते समय भी उन्होंने सड़क किनारे खड़े लोगों को अभिवादन किया। इस अप्रत्याशित घटनाक्रम से सुरक्षाकर्मियों के लिए स्थिति चुनौतीपूर्ण जरूर रही, लेकिन राष्ट्रपति का यह जनसंपर्क पल जमशेदपुरवासियों के लिए ऐतिहासिक बन गया। उनकी सादगी और जनता के प्रति संवेदनशीलता ने लोगों के दिलों में विशेष स्थान बना लिया।
























