- कार से जा रहे थे कारोबारी से रंगदारी वसूलने, पुलिस ने हथियारों के साथ दबोचा
- वाहन जांच में पुलिस को मिली बड़ी सफलता
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर में कारोबारियों से रंगदारी वसूलने जा रहे तीन अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपियों में मानगो जवाहरनगर निवासी मो अयाज उर्फ फैजल (24), आजादनगर निवासी मो अरशद (27) और मो अमान (24) शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से एक कार, एक देसी कट्टा, एक बेसबॉल बैट, एक फोल्डिंग चाकू, एप्पल कंपनी का मोबाइल फोन और एक स्टील का रॉड बरामद किया है। बताया गया कि तीनों आरोपी मानगो से डिमना की ओर उलीडीह क्षेत्र के एक कारोबारी से रंगदारी वसूलने जा रहे थे।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : गुड़ाबांदा के सीताराम हेंब्रम बने असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर, पुंसिया गाँव में जश्न का माहौल
चेकिंग देख भागने लगे, मौके पर दबोचे गए
रंगदारी की सूचना मिलने पर पटमदा डीएसपी के नेतृत्व में डिमना चौक स्थित डी चौधरी कॉम्पलेक्स के समीप वाहन जांच अभियान चलाया गया। पुलिस चेकिंग को देखकर कार सवार अभियुक्त भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन सतर्क पुलिस बल ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि देसी कट्टा उन्होंने मुंगेर से मंगवाया था। पुलिस ने सभी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है।
























