- जमशेदपुर में नववर्ष की रात न्यायिक अधिकारियों ने किया राहत कार्य
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : नववर्ष के अवसर पर जमशेदपुर में न्यायपालिका ने मानवता और संवेदनशीलता की अनूठी मिसाल पेश की। व्यवहार न्यायालय जमशेदपुर के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) के अध्यक्ष अरविंद कुमार पांडेय के निर्देश पर 1 जनवरी की रात 10 बजे से 12 बजे तक शहर के विभिन्न चौक-चौराहों, रेलवे स्टेशन और सार्वजनिक स्थलों पर ठंड से जूझ रहे जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए गए। कड़ाके की ठंड और शीतलहरी के बीच सड़क किनारे सो रहे गरीब व असहाय लोगों को राहत पहुंचाने के लिए सीजेएम विशाल गौरव और डालसा सचिव कुमार शौरव त्रिपाठी स्वयं मैदान में उतरे और अपने हाथों से कंबल ओढ़ाए। इस पहल से न केवल जरूरतमंदों को ठंड से बचाव मिला, बल्कि समाज में संवेदनशीलता और न्यायिक संस्थाओं की सामाजिक जिम्मेदारी का भी संदेश गया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : भागवत कथा में भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का दिव्य वर्णन, श्रद्धालु हुए भाव विभोर
नववर्ष पर जरूरतमंदों के लिए राहत अभियान
डालसा सचिव कुमार शौरव त्रिपाठी ने इस दौरान कहा कि “जिसका कोई नहीं है, उसके लिए डालसा खड़ा है।” उन्होंने बताया कि भारत के प्रत्येक नागरिक को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार है और न्याय से वंचित व जरूरतमंद लोग डालसा कार्यालय से संपर्क कर निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं। रात्रि भ्रमण के दौरान करीब 50 जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए गए। इस सेवा कार्य में डालसा कार्यालय के प्रधान सहायक संजय कुमार, रवि मुर्मू तथा पीएलवी नागेन्द्र कुमार, दिलीप जायशवाल, संजय तिवारी, मनोज महतो, सुनील पांडेय, अरुण रजक, शंकर गोराई सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। न्यायपालिका की इस पहल की शहरवासियों ने सराहना की है।
























