- 26वीं वाहिनी सीआरपीएफ ने आवश्यक सामग्री वितरित कर जीता ग्रामीणों का भरोसा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा/किरीबुरु : शनिवार को 26वीं वाहिनी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) द्वारा किरीबुरु परिसर में सिविक एक्शन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कमाण्डेन्ट राजीव रंजन के निर्देशानुसार एवं सहायक कमाण्डेन्ट महेश्वर कुमार चौरसिया के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के ग्रामीणों के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध स्थापित करना और उनके दैनिक जीवन की आवश्यकताओं में सहयोग देना था। इस दौरान ग्रामीणों के बीच कंबल, टीन शीट, खेती के बीज, बच्चों के लिए खेल एवं पठन-पाठन सामग्री, छाता और महिलाओं के लिए रसोई के बर्तन जैसी उपयोगी सामग्री का वितरण किया गया। आवश्यक वस्तुएं पाकर ग्रामीणों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी और उन्होंने सीआरपीएफ के इस मानवीय प्रयास की सराहना की।
इसे भी पढ़ें : Muri : बसंत पंचमी को लेकर मूर्तिकार लगे सरस्वती और अन्य देवी-देवताओं की मूर्ति बनाने में
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सहायक कमाण्डेन्ट महेश्वर कुमार चौरसिया ने ग्रामीणों से नक्सलियों एवं असामाजिक तत्वों के बहकावे में न आने की अपील की। उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ और जिला पुलिस क्षेत्र में सुरक्षा, शांति और विकास सुनिश्चित करने के लिए हमेशा तत्पर है। उन्होंने ग्रामीणों से सुरक्षा बलों के साथ सहयोग बनाए रखने का भी आग्रह किया। इस अवसर पर निरीक्षक निरंजन कुमार, उपनिरीक्षक राजीव राणा, उपनिरीक्षक रोहित कुमार (थाना प्रभारी, किरीबुरु) और पार्वती किडो (मुखिया, किरीबुरु पंचायत) सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सिविक एक्शन प्रोग्राम के माध्यम से सीआरपीएफ ने एक बार फिर यह साबित किया कि वह केवल सुरक्षा ही नहीं, बल्कि समाजसेवा और जनसंपर्क के प्रति भी पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
























