- चिकित्सा जगत के लिए अपूरणीय क्षति, डॉ. चौधरी की सेवाएं रहेंगी यादगार
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में शनिवार को दिवंगत चिकित्सक डॉ. ओ.पी. चौधरी की याद में शोक सभा का आयोजन किया गया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. उत्पल मुर्मू की अध्यक्षता में आयोजित इस सभा में स्वास्थ्य केंद्र के सभी अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. चौधरी के चित्र पर माल्यार्पण और दो मिनट के मौन से हुई। उपस्थित स्वास्थ्य कर्मियों ने उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और समाज के प्रति उनके योगदान को याद किया। डॉ. उत्पल मुर्मू ने कहा कि डॉ. चौधरी का निधन चिकित्सा जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनकी कमी हमेशा खलेगी और उनके द्वारा किए गए कार्यों को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : सुंदरनगर सड़क हादसा : इलाज के दौरान दोनों बाइक सवारों की मौत
चिकित्सा जगत ने खोया समर्पित चिकित्सक
इस शोक सभा में डॉ. सूराई मांडी, डॉ. सुपर्णा नायेक, दिनेश घोष, दीपक घोष, हिमांशु महतो, अमृतांशु बेरा और दुर्गा उरांव सहित अस्पताल के सभी सीएचओ (CHO), एएनएम (ANM) और अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे। सभी ने डॉ. चौधरी के व्यक्तित्व और सेवा भाव की सराहना करते हुए उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। ग्रामीणों और स्वास्थ्य कर्मियों का कहना है कि डॉ. चौधरी ने अपने जीवनकाल में समाज की सेवा को सर्वोपरि रखा और उनकी स्मृतियां हमेशा प्रेरणा देती रहेंगी। इस आयोजन ने न केवल उनके योगदान को याद किया बल्कि चिकित्सा जगत में उनके महत्व को भी रेखांकित किया।
























