- स्थानीय मुद्दों को केंद्र में रखकर चुनाव लड़ेगी आजसू
- तीसरे मताधिकार से क्षेत्र को मिलेगी मजबूती
- संगठन को सशक्त करने का आह्वान
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : आजसू पार्टी मानगो नगर निगम और जुगसलाई नगर परिषद के आगामी चुनाव पूरी मजबूती के साथ लड़ेगी। पार्टी मानगो मेयर, उप मेयर के साथ-साथ जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। यह घोषणा आजसू पार्टी के केंद्रीय प्रधान महासचिव रामचंद्र सहिस ने जुगसलाई नगर पालिका स्थित पार्क में आयोजित पूर्वी सिंहभूम जिला समिति की बैठक में की। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह ने की जबकि संचालन जिला प्रवक्ता अप्पू तिवारी और धन्यवाद ज्ञापन सौरभ राहुल सिंह ने किया। सहिस ने कहा कि मानगो और जुगसलाई की जनता आज मूलभूत सुविधाओं, भ्रष्टाचार और जनप्रतिनिधियों की निष्क्रियता से त्रस्त है। आजसू पार्टी स्थानीय मुद्दों को केंद्र में रखकर चुनाव मैदान में उतरेगी और जनता को एक मजबूत, ईमानदार और जवाबदेह नेतृत्व देने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि संगठन स्तर पर तैयारी पूरी कर ली गई है और जल्द ही उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : Potka : जुड़ी पंचायत में खुलेगा नि:शुल्क कोचिंग व कंप्यूटर सेंटर, विधायक संजीव सरदार ने किया शिलान्यास
स्थानीय मुद्दों पर चुनावी रणनीति बनाएगी आजसू
रामचंद्र सहिस ने कहा कि मानगो नगर निगम और जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में जल, सड़क, नाली, बिजली, सफाई, रोजगार और गरीबों के अधिकार जैसे मुद्दे आजसू की प्राथमिकता में रहेंगे। उन्होंने दावा किया कि आजसू पार्टी को स्थानीय लोगों का व्यापक समर्थन मिल रहा है और आने वाले निकाय चुनाव में पार्टी बेहतर प्रदर्शन करेगी। सहिस ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और जनसंपर्क अभियान तेज करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनता के बीच जाकर उनके सवालों और समस्याओं को आवाज देना ही पार्टी का उद्देश्य है। सहिस ने विश्वास जताया कि जनता आजसू को एक मजबूत विकल्प के रूप में देख रही है और पार्टी जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेगी।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : अपहरण घटनाओं से दहशत में जमशेदपुर, भाजपा का आक्रोश प्रदर्शन
जनता के बीच जाकर समर्थन जुटाएगी आजसू
आजसू पार्टी के जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह ने बैठक में कहा कि तीसरे मताधिकार का प्रयोग कार्यकर्ताओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि यदि सभी कार्यकर्ता सामूहिक प्रयास, एकजुटता और ईमानदारी के साथ काम करें, तो यह न केवल क्षेत्र को मजबूती देगा बल्कि आजसू पार्टी को जनता की सशक्त आवाज बनने का बेहतरीन मौका भी प्रदान करेगा। सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में मताधिकार केवल वोट डालने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जनता के हक, अधिकार और समस्याओं को मजबूती से उठाने का माध्यम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे घर-घर जाकर लोगों को मताधिकार के महत्व के बारे में जागरूक करें और पार्टी की नीतियों, संघर्ष और जनहित के कार्यों को जनता तक पहुंचाएं।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में दुर्गा सप्तशती और सुंदरकांड पाठ, पांच कलश स्थापना से गूंजा वातावरण
मताधिकार के महत्व पर जोर दे रही आजसू
कन्हैया सिंह ने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयास से आजसू पार्टी तीसरे मताधिकार के माध्यम से क्षेत्र में एक मजबूत विकल्प के रूप में उभरेगी और जनता की आवाज को मजबूती से लोकतांत्रिक मंच पर रखेगी। उन्होंने कहा कि यह समय संगठन को और सशक्त करने तथा जनसमर्थन को निर्णायक शक्ति में बदलने का है। बैठक में जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह, संजय सिंह, अप्पू तिवारी, मृत्युंजय सिंह, कृतिवास मंडल, अरूप मल्लिक, मंटू शुक्ला, सचिन प्रसाद, मदन मोहन मिश्रा, आकाश सिन्हा, सौरभ राहुल सिंह, परवीन प्रसाद, ललित सिंह, सरफराज खान, निकू सिंह, सुधीर सिंह, मुन्ना खान, अमित मदने, सुजल कुमार, शिवम् कुमार, रक्तिम कुमार समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में सभी ने संगठन को मजबूत करने और चुनावी तैयारी को अंतिम रूप देने का संकल्प लिया।
























