जेबी लाइव, रिपोर्टर
सरायकेला : सरायकेला थाना क्षेत्र के पाटाहेंसल गांव में रविवार की शाम एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां 19 वर्षीय युवक ने पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान गांव निवासी सोमा मुंडरी के पुत्र बिके मुंडरी के रूप में हुई है। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है। मिली जानकारी के अनुसार, बिके मुंडरी रविवार की शाम करीब चार बजे घर से निकला था। परिजनों को लगा कि वह किसी काम से बाहर गया होगा, लेकिन देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटा तब घरवालों को चिंता होने लगी। इसी दौरान करीब छह बजे उसका छोटा भाई बैल लाने के लिए गांव के बाहर निकला।
इसे भी पढ़ें : Bodam : डिमना लेक में पिकनिक के दौरान झड़प, चापड़ से हमला कर युवक को किया घायल
रास्ते में उसकी नजर एक युवक पर पड़ी, जो पेड़ से लटका हुआ था। पास जाकर देखने पर उसने अपने बड़े भाई बिके मुंडरी को पहचान लिया। घबराया हुआ भाई तुरंत गांव पहुंचा और परिजनों व ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे, जहां बिके मुंडरी को बेल्ट के सहारे पेड़ से लटका पाया गया। ग्रामीणों ने युवक को पेड़ से नीचे उतारकर घर लाया और तत्काल सरायकेला थाना को इसकी सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सरायकेला सदर अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने यूडी केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद से मृतक के परिजन सदमे में हैं और गांव का माहौल गमगीन बना हुआ है।
























