- रेलवे हॉस्पिटल के पीछे छापेमारी, नशे के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत परसुडीह थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कीताडीह रेलवे हॉस्पिटल के पीछे छापेमारी कर एक ड्रग पेडलर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शेख यासीन उर्फ बब्बन के रूप में हुई है, जिसकी उम्र करीब 35 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस ने उसके कब्जे से 2.070 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, शेख यासीन गांजा की तस्करी और सप्लाई के धंधे में लंबे समय से सक्रिय था और बरामद गांजा वह ग्राहकों तक पहुंचाने के लिए ले जा रहा था। छापेमारी के दौरान पुलिस को देखकर एक अन्य युवक मौके से फरार हो गया, जबकि शेख यासीन को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : अध्यात्म के रंग में रंगा खांडामौदा, शंखध्वनि के साथ 24 प्रहर हरिनाम संकीर्तन का शुभारंभ
परसुडीह में नशे के खिलाफ पुलिस अभियान से मचा हड़कंप
परसुडीह थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रेलवे हॉस्पिटल के आसपास एक युवक अवैध रूप से गांजा बेचने के इरादे से मौजूद है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। पूछताछ के दौरान शेख यासीन ने फरार युवक का नाम शेख अशफाक बताया, जो जुगसलाई थाना क्षेत्र के महतो पाड़ा रोड का निवासी है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसका नेटवर्क किन-किन इलाकों तक फैला हुआ है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
























