SDPO विकास आनंद लागुरी की अध्यक्षता में हुई बैठक, पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के दिए निर्देश
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा थाना परिसर में मंगलवार शाम आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से संयुक्त शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) विकास आनंद लागुरी ने की, जबकि इसमें बहरागोड़ा और बरसोल थाना क्षेत्र के शांति समिति सदस्य, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए। अधिकारियों ने पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अफवाहों से बचने तथा आपसी भाईचारे को मजबूत करने की अपील की। साथ ही सभी समुदायों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा गया कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल प्रशासन को सूचना दें, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके। बैठक में मोहर्रम जुलूस, सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक प्रशासनिक तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : मानगो में झामुमो नेत्री बाली मार्डी का भव्य स्वागत, कार्यकर्ताओं ने जताया उत्साह
बिजली और यातायात व्यवस्था के मुद्दे भी बैठक में छाए रहे
बैठक के दौरान शांति समिति के सदस्यों ने क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। विशेष रूप से चरमराई यातायात व्यवस्था और लगातार बनी रहने वाली बिजली समस्या पर चिंता व्यक्त की गई। इस पर संबंधित विभागों के अधिकारियों ने समस्याओं का संज्ञान लेते हुए शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी केशव भारती, थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा, पुलिस निरीक्षक अनिल कुमार, बरसोल थाना प्रभारी अभिषेक कुमार, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. उत्पल मुर्मू सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने मोहर्रम पर्व को शांति, सद्भाव और आपसी सहयोग के साथ मनाने का संकल्प लिया।
























