थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा की अगुवाई में खाकी ने पेश की मानवता और सेवा की मिसाल
चिलचिलाती गर्मी में पुलिस बनी लोगों का सहारा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : रविवार की दोपहर जब तेज धूप और भीषण गर्मी से लोग परेशान थे, तब बहरागोड़ा थाना चौक पर पुलिस का मानवीय चेहरा देखने को मिला। थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा के नेतृत्व में थाना परिवार ने राहगीरों, मजदूरों और बाइक चालकों के लिए विशेष सेवा अभियान चलाया। पुलिस द्वारा चौक पर शुद्ध और ठंडे पेयजल की व्यवस्था की गई, ताकि गर्मी से बेहाल लोगों को राहत मिल सके। इतना ही नहीं, चौक से गुजर रहे लोगों को रोककर सम्मानपूर्वक मिठाई खिलाई गई और फिर ठंडा पानी पिलाकर उनकी थकान दूर करने का प्रयास किया गया। अचानक मिली इस आत्मीयता और अपनत्व भरे व्यवहार से राहगीरों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
इसे भी पढ़ें : Gua : भीषण गर्मी में किरीबुरू पुलिस बनी राहत का सहारा, जगह-जगह पेयजल की व्यवस्था
पुलिस की संवेदनशील पहल की लोगों ने की जमकर सराहना
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ बहरागोड़ा पुलिस की इस मानवीय पहल ने लोगों का दिल जीत लिया। गर्मी में राहत देने के इस प्रयास को लेकर आम जनता ने पुलिस प्रशासन की खुलकर प्रशंसा की। लोगों ने कहा कि खाकी वर्दी का ऐसा सेवा भाव समाज में सकारात्मक संदेश देता है और पुलिस व जनता के बीच भरोसे को मजबूत करता है। थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल सुरक्षा देना ही नहीं, बल्कि जरूरत के समय समाज के साथ खड़ा रहना भी है। पुलिस की इस पहल से थाना चौक पर कुछ देर के लिए सेवा, सहयोग और मानवता का अनोखा दृश्य देखने को मिला।


























