रैली में हजारों श्रमिक-किसानों ने केंद्र सरकार की नीतियों का किया विरोध
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा में अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) और झारखंड राज्य किसान सभा के संयुक्त तत्वावधान में विशाल रैली का आयोजन किया गया। नेताजी शिशु पार्क से उच्च विद्यालय चौक तक निकले आक्रोश मार्च में हजारों की संख्या में मजदूर और किसान शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने ‘मजदूर विरोधी लेबर कोड रद्द करो’ और ‘8 घंटे काम का अधिकार बरकरार रखो’ जैसे नारों के साथ केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद की। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में श्रमिकों और किसानों के अधिकारों पर लगातार हमले हो रहे हैं, जिससे आम जनता में असंतोष बढ़ता जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : जनसेवा की मिसाल: विधायक के सहयोग से सादगी में होगा बेटी का विवाह
नेताओं ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप, संघर्ष का लिया संकल्प
कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठ नेता कनहाई मुंडा द्वारा झंडोत्तोलन के साथ हुई। मुख्य वक्ता सुफल महतो ने शिकागो के शहीदों को नमन करते हुए कहा कि केंद्र सरकार चार लेबर कोड, बीज-बिजली विधेयक और कॉर्पोरेट समर्थित नीतियों के जरिए मजदूरों और किसानों के अधिकारों को कमजोर कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि रेलवे, हवाई अड्डे और प्राकृतिक संसाधनों का निजीकरण किया जा रहा है, जिससे आम लोगों के हित प्रभावित हो रहे हैं। इस अवसर पर स्वपन महतो, पानमुनी मांझी और राजकुमार दुबे सहित अन्य नेताओं ने भी अपने विचार रखे और उत्पादनकारी वर्ग के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।























